अतीक अहमद के छोटे बेटे की सड़क हादसे में मौत, (चित्र साभार: X@SudarshanNewsUp)
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक भीषण सड़क हादसे में कुख्यात माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की मौत हो गई। हादसा बुधवार देर रात झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र के पास हुआ। इसमें अबान के एक अन्य साथी की भी मौत हो गई, जबकि 3 युवक गंभीर रूप से घायल है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र से आबान अहमद, अहजम, मोहम्मद जैद, उमर और सोनू खान झांसी जेल में बंद अतीक अहमद के बेटे अली अहमद से मुलाकात करने के लिए जा रहे थे। जब उनकी कार पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हाईवे पर पहुँची, तभी तेज रफ्तार क्रेटा कार का ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा।
इसके बाद कार डिवाइडर से टकराई और कार का आगे का हिस्सा पूरा क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी, कि कार के परखचे उड़ गए और कार सवार आबान अहमद और सोनू खान की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर अन्य घायलों को बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी में पुलिस को शादी का एक निमंत्रण कार्ड मिला। उसी कार्ड पर लिखे मोहम्मद जायद के नाम के आधार पर पुलिस ने संबंधित फोन नंबरों पर संपर्क किया और पहचान सुनिश्चित की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सोशल मीडिया पर घटना की तस्वीरें सामने आई हैं।
#झांसी में हुए सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद की मौत
आबान की तेज रफ़्तार कार डिवाइडर से टकराई, आबान समेत 2 की मौत, तीन अन्य घायल
सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने के लिए जा रहे थे@jhansipolice @Uppolice @asadowaisi pic.twitter.com/H0iNncYo89
— Sudarshan उत्तर प्रदेश (@SudarshanNewsUp) August 6, 2026
बता दें, कि अतीक अहमद के पांच बेटे है। जिसमें सबसे बड़ा बेटा उमर अहमद लखनऊ जेल में बंद है, अली अहमद झांसी जेल में बंद है, तीसरा बेटा असद अप्रैल 2023 में झांसी में पुलिस एनकाउंटर में मारा जा चुका है। चौथा अहजम बाहर है और पांचवें नंबर के बेटे अबान की आज सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
