प्रतीकात्मक चित्र
रुद्रप्रयाग जिले में घर से भागकर युवती अपने नाबालिग प्रेमी के चौखट पर पहुंच गई और शादी करने की जिद पकड़ ली। मामला बढ़ता देख लड़के के घरवालों ने तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ और संयुक्त काउंसलिंग टीम द्वारा युवती और लड़के की काउंसलिंग कराई गई।
जानकारी के अनुसार, टिहरी जिले की रहने वाली 20 वर्षीय युवती अपना घरबार त्यागकर सीधे अपने 19 साल के नाबालिग प्रेमी के घर पर आ धमकी। इस दौरान युवती ने साफ तौर कह दिया, कि अब वो अपने माँ-बाप के पास वापस नहीं जाएगी और अपने प्रेमी से ही शादी रचाएगी, लेकिन लड़के की उम्र 21 वर्ष से कम होने के कारण परिजनों को कानूनी कार्रवाई का डर सताने लगा।
इसके बाद लड़के के परिजनों ने हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से प्रशासन को मामले से अवगत कराया। सूचना का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र के निर्देश पर संयुक्त काउंसलिंग टीम गठित की गई, जिसमें वन स्टॉप सेंटर, बाल कल्याण समिति और चाइल्ड हेल्पलाइन के सदस्य शामिल रहे।
काउंसलिंग के दौरान युवती को समझाया गया, कि उसका यह कदम नाबालिग लड़के के भविष्य और परिवार दोनों के लिए कानूनी समस्या उत्पन्न कर सकता है। वहीं, लड़के को भी जानकारी दी गई, कि 21 वर्ष की आयु पूरी होने से पहले विवाह करना कानूनन मान्य नहीं है और ऐसी स्थिति में परिवार भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है।
इसके बाद युवती के परिजनों से भी दूरभाष पर संपर्क किया गया। परिजनों ने आश्वासन दिया, कि घर लौटने पर युवती के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार नहीं किया जाएगा। दोनों परिवारों के बीच सहमति बनने के बाद युवती को सुरक्षित उसके घर भेज दिया गया।
