बद्रीनाथ धाम में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, (फोटो साभार: X@chamolipolice)
देवभूमि स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में पुलिस की सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बाद भी श्रद्धालु बनकर जेब कतरे और टप्पेबाज सक्रिय हैं। बीते कुछ दिनों में कई तीर्थ यात्रियों के कीमती सामान, पर्स समेत अन्य वस्तुएं गायब होने के गंभीर मामले सामने आये। इसके बाद जब पुलिस ने अपनी निगरानी बढ़ाई, तो अंतरराज्यीय चोर गिरोह को हनुमान चट्टी के पास से दबोच लिया गया।
चमोली पुलिस ने चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का सामान चुराने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बताया जा रहा है, कि आरोपी परिवार को साथ लेकर चल रहे थे, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो। उन्होंने केदारनाथ यात्रा के दौरान कई यात्रियों के पैसे व मोबाइल चुराए थे। आरोपियों के पास से 14 लाख कीमत के 13 मोबाइल और नगदी बरामद हुई है।
केदारनाथ में श्रद्धालुओं के कीमती सामान पर हाथ साफ कर बद्रीनाथ में डाका डालने की फिराक में था अंतर्राज्यीय गिरोह;
चमोली पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचे 4 शातिर टप्पेबाज, कब्जे से 14 लाख के iPhone और Samsung S24 Ultra सहित 13 महंगे फोन बरामद pic.twitter.com/UXRitVkCck
— Chamoli Police Uttarakhand (@chamolipolice) April 29, 2026
जानकारी के अनुसार, थाना बदरीनाथ पुलिस को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी, कि एक अंतरराज्यीय टप्पेबाज गिरोह श्रद्धालुओं की भीड़ में घुसकर उनके कीमती सामान पर हाथ साफ कर रहा है। यह गिरोह विशेष रूप से स्नान घाटों और मंदिर परिसर जैसे अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में सक्रिय था। आरोपियों में तीन पंजाब व एक युवक राजस्थान का बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, बीते सोमवार 27 अप्रैल को नरेश चंद्र निवासी पौड़ी गढ़वाल ने कोतवाली बदरीनाथ में तहरीर दी, कि गर्भगृह में दर्शन के दौरान उनके महत्वपूर्ण दस्तावेज जैसे आईडी, डीएल, पैन कार्ड, एटीएम और 10 हजार रुपए चोरी हो गए थे। इस शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए कोतवाली बदरीनाथ में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली, सुरजीत सिंह पंवार द्वारा एक विशेष एंटी थेफ्ट स्क्वाड का गठन किया गया। उन्होंने पुलिस टीम को निर्देश दिए, कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे गिरोहों पर नकेल कसने के लिए मैनुअल पुलिसिंग के साथ-साथ आधुनिक सर्विलांस का भी इस्तेमाल किया जाए।
एसएसपी ने निर्देश पर पुलिस टीम ने सर्विलांस और सूचना के आधार पर 4 संदिग्धों को चिन्हित करते हुए हनुमान चट्टी के पास दो संदिग्ध वाहनों को रोका लिया। वाहनों की तलाशी लेने पर अभियुक्तों के कब्जे से लगभग 14 लाख रुपए की कीमत के कुल 13 मोबाइल फोन बरामद हुए। साथ ही आरोपियों के पास से 58 हजार 860 रुपए की नकदी भी बरामद हुई है।
इसके बाद पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल दो वाहनों को भी सीज कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय कृष्ण कुमार पुत्र बीनू निवासी बठिंडा (पंजाब), 25 वर्षीय दीया पत्नी अशूं निवासी बठिंडा (पंजाब), 26 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र महाराज सिंह निवासी, भरतपुर (राजस्थान) हाल पता बठिंडा (पंजाब), 31 वर्षीय ललित कुमार पुत्र प्रभुदयाल निवासी अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई है।
पुलिस की जाँच में खुलासा हुआ, कि बरामद किए गए फोन आरोपियों ने केदारनाथ धाम से चुराए थे। इनमें से एक आईफोन के संबंध में थाना सोनप्रयाग में मुकदमा भी दर्ज है। केदारनाथ के बाद यह गिरोह बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की जेब काटने की योजना बना रहा था, लेकिन इससे पहले वे किसी और श्रद्धालु को शिकार बनाते, बदरीनाथ पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
चमोली पुलिस ने कहा है, कि जिन भी व्यक्तियों के मोबाइल फोन खोए हैं, वे अपना फोन पहचान कर उससे संबंधित वैध दस्तावेज (जैसे बिल या बॉक्स) थाना सोनप्रयाग या कोतवाली बदरीनाथ में प्रस्तुत कर सकते है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद अपना मोबाइल फोन प्राप्त कर सकते हैं।
साथ ही पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा, कि, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पास में तैनात पुलिसकर्मी अथवा सहायता केंद्र को दें।
