लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहा आरोपी एनकाउंटर में ढेर, (फोटो साभार: etvbharat)
देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे तीन बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें एक बदमाश ढेर हो गया, जबकि दो बदमाश फरार हो गए। वहीं, प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर के हाथ में दो गोली लगी है। मुठभेड़ में फरार हुए अपराधियों की तलाश के लिए पुलिस ने सघन कांबिंग शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार (29 अप्रैल 2026) की देर रात थाना प्रेमनगर को सूचना प्राप्त हुई, कि अज्ञात अपराधी एक शख्स को गोली मारकर उसकी चेन, मोबाइल फोन और पैसे छीनकर भागे हैं। इसके बाद सभी थाना क्षेत्रों में अलर्ट कर दिया गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर फोर्स के साथ तत्काल मौका-ए-वारदात पर पहुंचे।
घटनास्थल पर पीड़ित द्वारा अपना नाम देवराज बताया गया, वो घायल अवस्था में मिला। उसने पुलिस को बताया, कि अभी-अभी कुछ बदमाशों ने जो काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार थे, लूटपाट और फायरिंग कर जंगल की तरफ भागे है।
जानलेवा हमला कर लूट की घटना को अजांम देने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड में हुआ ढेर
अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर ठेकेदारी का कार्य करने वाले व्यक्ति को गोली मारकर दिया था लूट की घटना को अजांमhttps://t.co/jTF5TDjiUz pic.twitter.com/SeiC1mBPyM
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) April 30, 2026
पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने लूटपाट के दौरान नीले रंग के बैग जिसमें दो लाख रुपए व एक मोबाइल, दैनिक हिसाब-किताब की डायरी, आईडी और अन्य कागजात थे, जो तमंचे की नोक पर लूट लिए और मुझे गोली मारकर भाग गए है। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया, तो कुछ दूर जाकर जंगल मे काले रंग की गाड़ी जाती दिखाई दी।
बदमाशों का पीछा करने के दौरान उन्होंने पुलिस फोर्स पर फायर झोंक दिया और गाड़ी छोड़कर जंगल की तरफ भाग गए। जब उनका पीछा किया गया, तो अपराधियों ने फिर से फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली नरेश राठौर प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर को लग गई। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने का कारण घायल हो गया।
मुठभेड़ के दौरान घायल बदमाश के दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की तरफ भाग गए, जिसकी तलाश जारी है। इसके बाद घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान घायल बदमाश ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पर एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और एसपी सिटी प्रमोद कुमार घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया, कि प्रेमनगर थाना क्षेत्र में लूट की घटना की सूचना मिलने के बाद ही सभी थानों में अलर्ट कर दिया गया था। मुठभेड़ के बाद पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई है।
उन्होंने बताया, कि शहर के हर चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बैरिकेडिंग लगाकर हर वाहन की जांच की जा रही और संदिग्धों पर पुलिस कड़ी नजर बनाए हुए है। जिलेभर में पुलिस थानों को अलर्ट भेजा गया है। साथ ही मृत बदमाश के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
