(सांकेतिक चित्र) (फोटो साभार: दैनिक जागरण
कर्नाटक के मैसूर जिले में एक दुखद घटना सामने आई है, जहा एक परिवार में विवाह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब अपनी शादी से महज एक दिन पहले 21 वर्षीय युवती और उसके माता-पिता ने कथित तौर पर खुदकुशी जैसा आत्मघाती कदम उठा लिया।
जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान 50 वर्षीय शिवन्ना, उनकी पत्नी नागरत्ना (45) और बेटी रक्षिता (21) के तौर पर हुई है। टी नरसीपुरा तालुक स्थित हालेकेम्पय्यानहुंडी गांव में इस परिवार ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। इस घटना का सबसे दुखद पहलू ये है, कि रक्षिता की शादी अगले ही दिन होनी थी, लेकिन उसे पहले परिवार ने ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है, कि परिवार पिछले कुछ दिनों से गहरे मानसिक तनाव में था। इस तनाव का कारण गांव में रहने वाला उल्लास गौड़ा नाम का एक शख्स बताया जा रहा है। आरोप है, कि उल्लास रक्षिता से शादी करना चाहता था। जब रक्षिता का रिश्ता किसी दूसरे के साथ तय हो गया, तो उल्लास ने उसे और उसके परिवार को परेशान करना शुरू कर दिया।
पुलिस को जानकारी मिली है, कि उल्लास ने रक्षिता के बारे में गलत बातें फैलाईं। उसने रक्षिता के मंगेतर को कुछ मैसेज और तस्वीरें भी भेजीं। उसका मकसद इस शादी को रोकना और रिश्ते को खराब करना था। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। इस नोट में उल्लास गौड़ा को इन मौतों के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है।
फिलहाल टी नरसीपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी सुसाइड नोट और मोबाइल फोन जैसे डिजिटल सबूतों की जांच कर रहे हैं। इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
