सिटी बस ने छह मजदूरों को कुचला (फोटो साभार: @PrimeNewsInd)
देहरादून के कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र के अंतर्गत लाल पुल के पास सिटी बस ने सड़क किनारे बैठे पांच मजदूरों को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक शख्स की मौत हो गई है। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को महंत इंद्रेश अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने बस ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है, कि बस चालक को मिर्गी का दौरा पड़ने से उसने बस से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बेकाबू सिटी बस ने फुटपाथ पर बैठे पांच मजदूरों को रौंद दिया। हादसे में 22 वर्षीय आहत निवासी राजीव नगर ने दम तोड़ दिया, जबकि संजीत, रतन, मानसिंह, आहद और सुखराज घायल हो गए।
मामला पटेलनगर थाना क्षेत्र में लालपुल का है। सिटी बस आईएसबीटी से घंटाघर की ओर जा रही थी। इस बीच बस अचानक अनियंत्रित होकर लालपुल के पास सड़क से उतर गई और फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को रौंदते हुए होटल के गेट तक जा पहुंची। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और राहगीरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद घायल सड़क पर तड़पते रहे, लेकिन उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए शुरुआत में कोई वाहन चालक तैयार नहीं हुआ। स्थिति ऐसी बन गई कि राह चलते वाहनों को जबरन रुकवाना पड़ा, ताकि घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा जा सके।
बताया जा रहा है, कि समय पर एंबुलेंस भी नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते घायलों को ई-रिक्शा और ऑटो में बैठाकर अस्पताल भेजा गया। हालांकि, सूचना मिलते ही पुलिस टीम और प्रशासन घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के कारण काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सभी मजदूर रोजाना की तरह काम मिलने का इंतजार कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार बस अचानक फुटपाथ पर चढ़ गई और देखते ही देखते सभी उसकी चपेट में आ गए। गनीमत रही, कि बस होटल के गेट पर जाकर रुक गई, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है, कि बस चालक अर्जुन गुरुंग को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ा। जिसके चलते वह बस से नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
