प्रतीकात्मक चित्र, (फोटो साभार: freepik.com)
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, बारात गुजरने के दौरान तेज आवाज में बज रहे DJ की वजह से 140 मुर्गियों की हार्ट अटैक से मौत का मामला सामने आया है। घटना बल्दीराय थाना क्षेत्र के दरियापुर गाँव में हुई है। उक्त प्रकरण में पोल्ट्री फार्म संचालक साबिर अली ने डीजे ऑपरेटर के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीते शनिवार 25 अप्रैल को कुड़वार क्षेत्र से आई बारात जब गाँव में प्रवेश कर रही थी, तो इस दौरान अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बज रहा था, जिससे आसपास का माहौल अचानक शोर और कंपन से भर गया। पोल्ट्री फार्म संचालक का आरोप है, कि बारात जब पोल्ट्री फार्म के पास से गुजरी, तो फार्म में मौजूद मुर्गियाँ बुरी तरह घबरा गईं।
अचानक हुए इस शोर और कंपन से उनमें भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसके चलते बड़ी संख्या में मुर्गियों की मौत हो गई। घटना के बाद पोल्ट्री फार्म मालिक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित डीजे संचालक कवि यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जाँच शुरू कर दी गई है।
मामले की जांच के बाद मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (CVO) प्रमोद शर्मा ने पुष्टि की है, कि मुर्गियों की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है। रिपोर्ट में माना गया, कि तेज आवाज और तनावपूर्ण माहौल इसकी बड़ी वजह हो सकते हैं। पुलिस का कहना है, कि साक्ष्यों को इकट्ठा किया जा रहा है और जाँच पूरी होने के बाद ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
