सांकेतिक चित्र
जनपद हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र में नजीबाबाद हाईवे पर बीते मंगलवार देर रात सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली से स्कूटी टकरा जाने के कारण नाना, नानी और उनके पांच वर्षीय नाती ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार 23 जून की देर रात को श्यामपुर के गाजीवाली निवासी वीर सिंह (52) पत्नी मंजू देवी (50) और पांच साल के नाती शिव सिंह के साथ स्कूटी से हरिद्वार की ओर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान श्यामपुर थाना क्षेत्र में फ्लाईओवर पर उनकी स्कूटी ट्रैक्टर ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते सीओ अवनी तिवारी मौके पर पहुंची और तत्काल अपने वाहन से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है, कि वीर सिंह और मंजू देवी हरकी पैड़ी पर दुकान चलाते थे और पांच साल का नाती शिव भी उनके साथ रहता था। बीती रात दुकान बंद करके सभी घर की ओर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली ने घटना से पहले एक अन्य स्कूटी को टक्कर मारी, जिसमें स्कूटी सवार तो बच गया, लेकिन हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फ्लाईओवर के किनारे ट्रैक्टर खड़ा करके मौके से फरार हो गया।
इस बीच ट्रैक्टर से दूसरी स्कूटी टकरा गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं फ्लाईओवर पर लाइटें न होने के कारण एनएच प्रशासन की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने घटना के संबंध में बताया, कि प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है, कि अंधेरा और ट्रैक्टर-ट्रॉली का सड़क किनारे खड़ा होना हादसे का कारण हो सकता है। हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
