फौजी ने जान पर खेलकर बचाई बच्ची की जान, (फोटो साभार: सोशल मीडिया)
उत्तराखंड में हो रही लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। इस बीच देहरादून की जाखन नदी में एक बड़ा हादसा टल गया। दरअसल, भारी बारिश के बीच 12 वर्षीय बालिका नदी के तेज बहाव में बहने लगी।
गनीमत रही, कि छुट्टी पर घर आए सैनिक और तीन स्थानीय युवकों ने अपनी जान की परवाह किए बगैर नदी में छलांग लगाकर बालिका को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
देहरादून के डोईवाला में लगातार बारिश से उफनाई जाखन नदी में बह रही 12 वर्षीय बालिका को छुट्टी पर आए सेना के जवान अजय कुमार ने साथियों आशुतोष, राहुल और तुषार की मदद से जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बचा लिया। pic.twitter.com/F46OjK2rmG
— Pahari Patrika (@PahariPatrika) July 29, 2026
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बालिका अपने साथियों के साथ जाखन नदी का पानी देखने गई थी। इस दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गई। बच्ची को बहता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इस दौरान मौके पर मौजूद छुट्टी पर आए फौजी और तीन स्थानीय युवकों ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद बालिका को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। स्थानीय निवासियों ने युवकों और सेना के जवान द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि, उनकी सूझबूझ और बहादुरी से एक मासूम की जान बच गई।
उल्लेखनीय है, कि प्रदेश में जारी मानसून की बारिश के बीच प्रशासन भी नागरिकों से उफनते नदी-नालों और बरसाती गदेरों से दूर रहने की अपील कर रहा है। साथ ही भारी बारिश के बीच सभी थाना क्षेत्रों में स्थित संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार गश्त करते हुए लोगो को सावधानी बरतने की सलाह दे रही है।
