पौड़ी के रिखणीखाल में भीषण सड़क हादसा, (फोटो साभार: etvbharat)
पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में आज शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक समेत सात महिलाओं की मौत की सूचना है। वाहन में करीब 12 लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हादसा रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाडी गांव के पास हुआ, जहां एक ईको वाहन UK15TA2152 सड़क से करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिर गया। दुर्घटना में घायल हुए लोगों में से कुछ को रिखणीखाल अस्पताल पहुंचाया गया है।
इस हादसे पर मुख्यमंत्री धामी ने गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, “पौड़ी गढ़वाल के कलवाड़ी, रिखणीखाल में हुए भीषण सड़क हादसे का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। इस हृदयविदारक दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।”
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी में हुई भीषण सड़क दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
— CM Office Uttarakhand (@ukcmo) November 28, 2026
उन्होंने कहा, कि जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं।
बताया जा रहा है, कि हादसा इतना गंभीर था, कि वाहन में सवार लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे की सूचना मिलते ही रिखणीखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार से अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। वहीं मृतकों का पंचनाम भरकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
