टीवी एक्ट्रेस उर्मिला सनावर, (फाइल चित्र)
पूर्व विधायक की बेटी से पांच करोड़ की रंगदारी मांगने के आरोप में जेल में बंद अभिनेत्री उर्मिला सनावर की जमानत मंजूर होने के दूसरे दिन भी जमानती नहीं मिल पाए। रिहाई की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाने से उन्हें एक और रात रोशनाबाद जिला कारागार में बितानी पड़ी। अब बुधवार को जमानती पेश होने का इंतजार किया जा रहा है।
दरअसल, पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए उर्मिला सनावर के खिलाफ बीती 25 अक्तूबर को रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।
पीड़िता ने रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने और परिवार को जान से मारने का आरोप भी लगाया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर उर्मिला सनावर को सहारनपुर से गिरफ्तार किया। हरिद्वार कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था, तब से उर्मिला सनावर हरिद्वार जेल में ही बंद है।
इस बीच बीते सोमवार को उर्मिला सनावर की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई थी। कोर्ट ने 50 हजार के व्यक्तिगत बंधपत्र और दो सक्षम जमानती प्रस्तुत करने पर उर्मिला को रिहा करने के आदेश दिए थे, लेकिन उन्हें जमानती नहीं मिल पाए, जिस कारण सोमवार की रात उन्हें जेल में ही रहना पड़ा था।
वहीं मंगलवार को उम्मीद की जा रही थी, उर्मिला जेल से बाहर आएगी, लेकिन जमानती पेश नहीं होने के कारण उनकी रिहाई अटक गई। इस बीच दिनभर रिहाई को लेकर चर्चाएं भी होती रही। अब बुधवार को जमानती पेश करने के बाद रिहाई की संभावना है। अब सभी की नजर आज होने वाली प्रक्रिया पर टिकी हुई है।
