हत्यारा पति गिरफ्तार, (फोटो साभार : दैनिक जागरण )
जनपद देहरादून के कालसी क्षेत्र में पत्नी पर दरांती से हमला कर मौत के घाट उतारने वाले आरोपित पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है। राजस्व पुलिस ने बीते शुक्रवार देर शाम को कचटा गांव के नजदीक हत्यारोपी को दबोचा। आरोपी पति का मेडिकल कराकर उसे शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार, कालसी तहसील क्षेत्र अंतर्गत कचटा गांव में पत्नी के साथ हुए विवाद में 24 वर्षीय मनोज ने अपनी पत्नी नीलू उर्फ नीलम (22 साल) की धारदार हथियार पाठल (दरांती) से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। कत्ल के बाद से आरोपी पति फरार चल रहा था। इस हत्याकांड के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
घटना की सूचना पर राजस्व पुलिस और नजदीकी थाने की पुलिस मौका-ए-वारदात पर पंहुची। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की और आरोपी की तलाशी में जुट गई।
बताया जा रहा है, कि शुक्रवार देर शाम को ग्राम प्रहरी और ग्रामीणों की सूचना पर नायब तहसीलदार कालसी रविंदर असवाल और नायब तहसीलदार चकराता राजेंद्र लाल अपनी टीम के साथ कचटा गांव के समीप एक छानी (पशुओं को बांधने का स्थान) पहुंचे और हत्या में वांछित मनोज को गिरफ्तार किया।
नायब तहसीलदार कालसी रविंदर असवाल ने बताया, कि आरोपी की तलाश के लिए ग्राम प्रहरियों को सक्रिय किया गया था। ग्राम प्रहरी और ग्रामीणों ने बताया, कि आरोपी कचटा गांव के समीप एक छानी मे छुपा हुआ है। राजस्व पुलिस ने छानी से आरोपी को देर शाम गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया, कि तहरीर के आधार पर धारा 103 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। पूछताछ में हत्यारोपी ने बताया, वह किसी और को मार रहा था। गलती से अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी का मेडिकल करने के बाद उसे शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया।
बता दें, कि कालसी ब्लॉक के कचटा गांव में पति मनोज और पत्नी नीलू के बीच बहस हो गई थी। आरोप है, कि इस दौरान मनोज ने अपना आपा खोते हुए दरांती से पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नीलू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों की लव मैरिज को अभी सिर्फ 3 साल ही हुए थे और उनकी कोई संतान नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है, कि मनोज पत्नी नीलम के चरित्र पर शक करता था। कुछ समय पहले भी पति-पत्नी के बीच इस बात को लेकर विवाद हुआ था। पति के पीटने पर नीलम जागड़े पर्व में नाराज होकर अपने मायके लखवाड़ चली गई थी। पति के मनाने के बाद ससुराल आ गई थी।
