PM मोदी ने किया सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन, (फोटो साभार: ANI)
भारत के सेमीकंडक्टर मिशन को आगे बढ़ाने वाले बड़े आयोजनों में से एक सेमीकॉन इंडिया 2026 का आगाज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के यशोभूमि में इसके पांचवें संस्करण का उद्घाटन किया। तीन दिवसीय कार्यक्रम 17 से 19 सितंबर तक चलेगा। इसमें 52 देशों से 600 से ज्यादा कंपनियां शामिल हो रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, कि अगर हम सिर्फ पिछले 15 दिनों पर नजर डालें, तो हमें अंदाजा हो जाएगा कि भारत किस दिशा में बढ़ रहा है और कितनी तेजी से तरक्की कर रहा है। सिर्फ 10 दिन पहले मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट हुआ था। वहां एजेंटिक AI, टोकनाइजेशन और क्वांटम टेक्नोलॉजी के जरिए समावेशी फाइनेंस पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री ने कहा, “एक तरफ भारत की अर्थव्यवस्था बढ़ रही है, तो दूसरी तरफ दुनिया का भारत पर भरोसा भी बढ़ रहा है। दोस्तों, इस भरोसे की एक और बड़ी मिसाल तीन दिन पहले खत्म हुए ब्रिक्स समिट में देखने को मिली। भारत ने इस समिट की सफल मेजबानी की, और सबकी सहमति से ‘नई दिल्ली घोषणापत्र’ को अपनाना, दुनिया के भारत पर भरोसे का एक और बड़ा सबूत है।
भारत ने इस सितंबर में 7.8 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर्ज की है, इसी चुनौतीपूर्ण वैश्विक दौर में जापान की सॉवरेन रेटिंग में सुधार हुआ है, लगभग तीन दशकों के बाद हासिल हुई यह उपलब्धि महत्त्वपूर्ण है,
एक ओर भारत की क्रेडिट और अर्थव्यवस्था पर वैश्विक विश्वास मज़बूत हो रहा है, तो दूसरी… pic.twitter.com/49YfaWhbvA
— डीडी न्यूज़ (@DDNewsHindi) September 17, 2026
पीएम मोदी ने कहा, कि भारत की इन उपलब्धियों के बीच, सेमीकॉन इंडिया इवेंट और भी महत्वपूर्ण हो गया है। इसका पहला एडिशन 2022 में हुआ था, और तब से हम हर साल मिल रहे हैं, लेकिन हमारी चर्चाओं का विषय हर साल बदलता रहा है। जब पहला एडिशन हुआ था, तो हमने पॉलिसी पर चर्चा की थी।
उन्होंने कहा, कि अब भारत के प्लांट से चिप निकलकर दुनिया तक पहुंचना शुरू हुई है। पीएम ने कहा कि इतने कम समय में किसी भी देश के लिए ये करना आसान नहीं है, लेकिन भारत ने यह उपलब्धी हासिल की। प्रधानमंत्री मोदी ने इंडस्ट्री लीडर्स को देश की नींव बताया और कहा की आप हमारे पार्टनर हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कि आज विश्वकर्मा जयंती का भी अवसर है। मैं विश्वकर्मा जयंती पर सभी नागरिकों को शुभकामनाएं देता हूं। हमारी परंपरा में भगवान विश्वकर्मा को सृजन और निर्माण की शक्ति का प्रतीक माना जाता है और देखिए संयोग की बात है, कि आज ही ‘पीएम विश्वकर्मा योजना’ भी शुरू हो रही है।
India's semiconductor ecosystem is expanding rapidly. It is opening new opportunities for innovation, investment and growth. Addressing SEMICON India 2026 in Delhi. https://t.co/a7A2Rs89DI
— Narendra Modi (@narendramodi) September 17, 2026
बता दें, कि सेमीकॉन इंडिया 2026 का आयोजन 17 से 19 सितंबर तक किया जाएगा। इसका विषय ‘सिलिकॉन टू सिस्टम्स: बिल्डिंग द इकोसिस्टम’ रखा गया है। इस सम्मेलन में वैश्विक कंपनियों के साथ नीति निर्माता, निवेशक, शोधकर्ता, स्टार्टअप और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
सेमीकॉन इंडिया 2026 के विभिन्न सत्रों में 150 से ज्यादा वक्ता सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इनमें चिप निर्माण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, चिप डिजाइन, एडवांस्ड पैकेजिंग और सप्लाई चेन जैसे विषय प्रमुख रहेंगे। आयोजन का उद्देश्य सेमीकंडक्टर उद्योग में सहयोग, निवेश, इनोवेशन और कुशल प्रतिभाओं के विकास को बढ़ावा देना है।
सेमीकॉन इंडिया 2026 एक व्यापक मूल्य-श्रृंखला दृष्टिकोण अपनाएगा, जिसमें सेमीकंडक्टर सामग्री, उपकरण और चिप डिजाइन से लेकर निर्माण, उन्नत पैकेजिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और सिस्टम तक की यात्रा प्रदर्शित की जाएगी। नया ‘रेत से सिलिकॉन से सिस्टम तक’ मूल्य श्रृंखला अनुभव सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम में इस पूरी यात्रा को प्रस्तुत करेगा।
इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम), इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईटीआई) और सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स डिजाइन एवं विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र का प्रतिनिधित्व करने वाला वैश्विक उद्योग संघ एसईएमआई संयुक्त रूप से इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं।
इस आयोजन में स्टार्टअप पिच प्रतियोगिता, छात्र हैकाथॉन और नवाचार प्रदर्शन भी शामिल होंगे, जो उभरती कंपनियों, शोधकर्ताओं और छात्रों को अपने विचार और प्रौद्योगिकी प्रस्तुत करने के लिए मंच प्रदान करेंगे। प्रदर्शनी में जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, नीदरलैंड, सिंगापुर और स्वीडन यानी छह देशों के मंडप भी होंगे।
