रुड़की में भाई ने की दो बहनों की हत्या (फोटो साभार: अमर उजाला)
हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में मंगलवार शाम हुई वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया। रक्षाबंधन से महज चंद रोज पहले एक भाई ने अपनी दो सगी बहनों को अलग-अलग स्थानों पर गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। करीब 20 मिनट के भीतर हुई दो हत्याओं की सनसनीखेज वारदात से शहर के लोग दहशत में आ गए।
जानकारी के मुताबिक, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में वारदात दो अलग-अलग जगहों पर करीब 10 से 15 मिनट के अंतराल में घटित हुई, जिससे पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। वहीं एक ही परिवार की दो सगी बहनों की हत्या की खबर फैलते ही इलाके में मातम और दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है, कि पहली वारदात प्रीत विहार के पास सेक्टर रोड पर हुई। हत्यारोपी भाई ने पहले गणेशपुर निवासी संगीता उर्फ शकुंतला (50) जो ई-रिक्शा से कहीं जा रही थी। उस पर बीच सड़क पर गोली चला दी। गोली लगते ही महिला लहूलुहान होकर गिर पड़ी। वहीं अचानक गोली चलने की आवाज से राहगीरों में भगदड़ मच गई।
इसके बाद आरोपी आजाद नगर पहुंचा और अपनी दूसरी बहन पुष्पा (42) और जीजा पर भी फायरिंग कर दी। गोली लगने से पुष्पा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
बताया जा रहा है, कि भाई और बहनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी के चलते एक बहन कुछ दिनों पहले घरेलू विवाद को लेकर कोतवाली भी पहुंची थी, हालांकि एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने किसी तरह की शिकायत मिलने से इंकार किया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया, कि दोनों बहनों का मायका चुड़ियाला क्षेत्र में है। पुलिस ने बहनों की हत्या करने वाले आरोपित भाई विवेक उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। वारदात के कारणों की जांच की जा रही है।