सांकेतिक चित्र
कर्नाटक के कलबुर्गी में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक घर के अंदर जोरदार विस्फोट होने से पिता और नाबालिग बेटी की मौत हो गई। इस भयानक धमाके में परिवार के पाँच अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल, पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, कि यह घटना मंगलवार को कलबुर्गी जिले के आलंद तालुक के मटाकी टांडा में घटित हुई। मृतकों की पहचान शिवलाल राठौड़ (49) और बेटी मीरा राठौड़ (15) के रूप में हुई है। विस्फोट के बाद शिवलाल के शरीर के चिथड़े उड़ गए। वहीं धमाका इतना तेज था, कि आसपास के घर भी क्षतिग्रस्त हो गए।
Kalaburagi, Karnataka: On a gelatin stick explosion in Matki Tanda village, SP Adduru Srinivasulu says, "…In Matki Tanda village, a minor explosion took place today at around 10.30 AM. Majorly, one Shivlal Rathod, who works in quarries and mines and does this blasting work.… pic.twitter.com/SZiAtA2V1a
— IANS (@ians_india) August 11, 2026
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है, कि यह घटना कोई सामान्य हादसा नहीं था। पिता शिवलाल ने कथित तौर पर अपनी कमर पर विस्फोटक (जिलेटिन की छड़ें) बाँध रखा था। इसके बाद उसने घर का दरवाजा अंदर से पूरी तरह बंद कर लिया और खुद को विस्फोटक से उड़ा लिया।
धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी, कि घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्यों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। ब्लास्ट होते ही पूरा घर बुरी तरह से बिखर गया और आसपास के मकानों को भी काफी नुकसान पहुँचा। धमाके की तेज आवाज दूर-दूर तक सुनी गई, जिससे पूरे इलाके में लोग डरकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
धमाके में शिवलाल की पत्नी सविता (40), बेटा प्रकाश, रिश्तेदार सुरेखा चौहान (30) और उसका बेटा विवेक चौहान (12) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें कलबुर्गी शहर के गुलबर्गा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (GIMS) अस्पताल के ट्रॉमा केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, शिवलाल और उसकी पत्नी सविता के बीच एक लंबे वक्त से पारिवारिक विवाद चल रहा था। दंपति के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़े होते रहते थे। रोज-रोज के कलह से तंग आकर सविता पति को छोड़कर अपने बच्चों के साथ मायके चली गई।
इस बीच बीते मंगलवार की सुबह शिवलाल अपने ससुराल पहुंचा और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े सबूत जुटाए हैं। बताया जा रहा है, कि शिवलाल पुणे के पास एक स्टोन क्वारी में नौकरी करता था और वहां चट्टानों की ब्लास्टिंग से जुड़े काम में शामिल था।
