विकासनगर में 26 लाख की स्मैक बरामद, नशा तस्कर अरेस्ट, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
देहरादून जिले में ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए भारी मात्रा में स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 86.31 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 26 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विकासनगर कोतवाली पुलिस ने सूचना के आधार पर मंगलवार (22 जुलाई 2026) को गैस गोदाम क्षेत्र से नशा तस्कर को गिरफ्तार किया।
#SSP_देहरादून के नेतृत्व में नशा तस्करों की हर कड़ी को तोड़ती #दून_पुलिस
भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थो के साथ एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर को कोतवाली विकासनगर पुलिस ने चैकिंग के दौरान किया गिरफ्तार
अभियुक्त के कब्जे से 26 लाख ₹ अनुमानित मूल्य की 86.31 ग्राम स्मैक हुई बरामद। pic.twitter.com/WYHIwY5G1n
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) July 23, 2026
विकासनगर कोतवाल ने बताया, कि मुखबिर से नशा तस्कर के बारे में सूचना मिली थी। गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। गिरफ्तार नशा तस्कर की पहचान 24 वर्षीय जाकिर पुत्र वकील निवासी बड़ा कुंआ, थाना मिर्जापुर, सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया, कि वह स्मैक कैराना, यूपी के एक व्यक्ति से खरीदकर लाता था और विकासनगर-डाकपत्थर क्षेत्र में आने वाले पहाड़ी युवाओं, ड्राइवरों और कॉलेज छात्रों को बेचता था। पुलिस अब उस शख्स की तलाश कर रही है, जिससे आरोपी स्मैक की आपूर्ति लेता था।
आरोपित के खिलाफ थाना विकासनगर कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
