चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल गिरफ्तार, (फोटो साभार: ANI)
बदरीनाथ धाम मंदिर चढ़ावा हेराफेरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रविवार देर रात करीब 11 बजे आरोपी को पुलिस ने देहरादून से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बदरीनाथ कार्यालय लेकर आई है।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया, कि आरोपी प्रमोद नौटियाल को रविवार देर रात को उनके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया। इसके पश्चात उन्हें चमोली लाया गया और प्रकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया, कि जांच टीम दस्तावेजों,अभिलेखों तथा अन्य साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है। पुलिस का कहना है, कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जारी है, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नियमानुसार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
#WATCH | Chamoli, Uttarakhand | Pramod Nautiyal, an accused in the Badrinath temple donations alleged theft case, brought back to Badrinath Police Station. He will be produced before the Gopeshwar court after this. pic.twitter.com/b94e2qu1a1
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) July 13, 2026
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे प्रकरण में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। बता दें, कि मंदिर में चढ़ावे के रखरखाव और जमा प्रक्रिया के दौरान वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत सामने आने के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी।
प्रारंभिक जांच में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी के संकेत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले के सामने आने के बाद बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष द्वारा चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था। वहीं मामला सुर्खियों में आने के बाद प्रदेश सरकार ने भी तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित कर दी है।
गौरतलब है, कि प्रमोद नौटियाल की गिरफ्तारी पर लंबे समय से तलवार लटकी हुई थी। वहीं इस मामले में कुछ और लोगों की भी गिरफ्तारी होने का अंदेशा जताया जा रहा है। बता दें, कि प्रमोद नौटियाल ने गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए नैनीताल उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका भी दायर की थी।
