PM मोदी को मिला 'गार्जियन ऑफ द ब्लू हॉरिजन' अवॉर्ड,(फोटो साभार: X@narendramodi)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी तीन दिवसीय ऐतिहासिक यात्रा पर रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण देश सेशेल्स पहुंचे हैं, जिसका मकसद ‘विजन महासागर’ है। सेशेल्स की राजधानी विक्टोरिया में पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया। इसी क्रम में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘गार्जियन ऑफ द ब्लू हॉरिजन’ का सम्मान दिया गया है।
राजधानी विक्टोरिया स्थित स्टेट हाउस में पीएम मोदी को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जहां सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी भी मौजूद रहे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी को पर्यावरण संरक्षण और सस्टेनेबल डेवलपमेंट में लीडरशिप के लिए सेशेल्स के सबसे बड़े सम्मान ‘गार्जियन ऑफ द ब्लू हॉरिजन’ से सम्मानित किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान के लिए सेशेल्स का धन्यवाद किया और इसे उन देशों को समर्पित किया जो जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से लड़ रहे है। पीएम मोदी ने सम्मान प्राप्त करने के बाद सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, ‘‘मुझे ‘गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ सम्मान से सम्मानित करने के लिए सेशेल्स की जनता, सरकार और राष्ट्रपति हर्मिनी का हृदय से आभारी हूं।’’
Mon annan gratitid anver lepep ek gouvernman Sesel osi byen ki Prezidan Herminie pour donn mwan tit ‘Gardyen Lorizon Ble.’
Mon enbleman aksepte sa tit avek loner e dedye li a tou lezot pei ki pe lager kont bann defi sanzman klima e ki konsider proteksyon lanvironnman zot… pic.twitter.com/aHZVPOe9cF
— Narendra Modi (@narendramodi) June 28, 2026
उन्होंने कहा, ‘‘मैं विनम्रतापूर्वक इस सम्मान को स्वीकार करता हूं और इसे उन सभी देशों को समर्पित करता हूं जो जलवायु परिवर्तन की चुनौती का सामना कर रहे हैं तथा पर्यावरण संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी मानते हैं। यह एक गंभीर चुनौती है, जिसका हमें मिलकर सामना करना होगा।’’
उल्लेखनीय है, कि सेशेल्स ने प्रधानमंत्री मोदी को यह उपाधि समुद्री पर्यावरण संरक्षण, ब्लू इकोनॉमी को बढ़ावा देने, हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और सहयोग मजबूत करने तथा जलवायु परिवर्तन से जुड़े वैश्विक प्रयासों में भारत की सक्रिय भूमिका के सम्मान में प्रदान की है।
यह सम्मान दोनों देशों के मजबूत संबंधों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति साझा प्रतिबद्धता का भी प्रतीक माना जा रहा है। बता दें, कि प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को तीन दिवसीय यात्रा पर द्वीपीय राष्ट्र सेशेल्स पहुंचे थे। इस दौरान वह सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस की स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
27 से शुरू हुई यात्रा 29 जून तक जारी रहेगी। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से चले आ रहे द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना है। बता दें, कि इसी महीने पीएम मोदी को स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ से भी सम्मानित किया गया था।
