सांकेतिक चित्र
नैनीताल जिले के भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में करंट लगने से सफाई कर्मचारी की मौत हो गई। बताया जा रहा है, कि यूनिवर्सिटी की छत की सफाई के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने के दौरान यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान ओखलकांडा निवासी तेज सिंह बोरा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, तेज सिंह बोरा को सुबह यूनिवर्सिटी की गीली छत पर सफाई कार्य के लिए भेजा गया था। आरोप है, कि कर्मचारी को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए बिना ही छत पर काम करने के लिए लगाया गया। इस दौरान गीली छत पर काम करते समय उनका संपर्क पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से हो गया, जिससे उन्हें करंट का जोरदार लगा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से झुलसे कर्मचारी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद कर्मचारी के परिजनों और स्थानीय निवासियों में आक्रोश व्याप्त है। आरोप है, कि यूनिवर्सिटी प्रशासन की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। उन्होंने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
इस संबंध में भीमताल सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया, “भीमताल अस्पताल की सूचना के आधार पर पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे है। हादसे के कारणों और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे है। इन सभी पहलुओं को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
