CM धामी ने की चंपावत स्थित देवीधुरा मंदिर में पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार (16 मई 2026) को जनपद चंपावत के ऐतिहासिक एवं सुप्रसिद्ध माँ वाराही शक्तिपीठ धाम, देवीधुरा पहुँचकर मंदिर के नवनिर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर सीएम धामी ने माँ वाराही मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
सीएम धामी ने कहा, “माँ वाराही धाम केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। धाम का विकास इसकी पौराणिक गरिमा एवं मूल स्वरूप को अक्षुण्ण रखते हुए किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाओं के साथ आध्यात्मिक अनुभूति भी प्राप्त हो सके।”
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, कि माँ वाराही धाम आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
चम्पावत के ऐतिहासिक माँ वाराही शक्तिपीठ, देवीधुरा पहुंचकर मंदिर के नवनिर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर माँ वाराही मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
माँ… pic.twitter.com/npA1D8Kvxw
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) May 16, 2026
उल्लेखनीय है, कि लगभग ₹15 करोड़ की अनुमानित लागत से माँ वाराही मंदिर के भव्य नवनिर्माण कार्य को चार खाम सात थोक एवं माँ वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट द्वारा आगामी दो से तीन वर्षों में पूर्ण किया जाएगा। मंदिर निर्माण में राजस्थान के विशेष नक्काशीदार पत्थरों का उपयोग किया जाएगा, जबकि मंदिर की स्थापत्य कला एवं शिल्प कार्य गुजरात के विशेषज्ञ कारीगरों की देखरेख में संपन्न होंगे।
बता दें, कि देवीधुरा मंदिर के नवनिर्माण एवं विकास कार्यों के स्थलीय निरीक्षण के दौरान जगदीश चंद्र गहतोड़ी ‘नवनीत’ ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत संचालित निपुण भारत अभियान से संबंधित अपनी पुस्तक “निपुण का संगीत” मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेंट की।
