सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ हुई लूट का खुलासा, (फोटो साभार: (X@ETVBharatUK)
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रेमनगर पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपी की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रेमनगर में विनोद कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी, कि 6 मई की रात करीब 2:15 बजे उनका बेटा आकाश, जो आईटी पार्क स्थित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, सहस्त्रधारा क्रासिंग पर घर आने के लिए खड़ा था। इस दौरान दो अज्ञात स्कूटी सवार बदमाशों ने आकाश को जबरन अपनी स्कूटी मे बैठाया और उसे जामुनवाला पुल प्रेमनगर क्षेत्र मे ले गए।
शिकायतकर्त्ता के मुताबिक, आरोपियों ने आकाश के साथ मारपीट करते हुए उसके दो मोबाइल फोन और 600 रूपये छीन लिए और उसे धक्का देकर पुल से नीचे फेंक दिया। वर्तमान में आकाश का दून अस्पताल मे उपचार चल रहा है, जो घटना के संबंध में स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों को चेक किया। जिसके बाद पुलिस टीम ने घटना में शामिल एक आरोपी मृदुल गुरुंग को मीठी बेरी रोड प्रेमनगर से लूटे गए मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार कर लिया है। जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया, कि 5 मई की रात वो और उसका दोस्त अस्मित थापा स्कूटी से गढी कैंट होते हुए सहस्त्रधारा रोड की तरफ जा रहे थे। इस दौरान देर रात लगभग 2:15 बजे सहस्त्रधारा क्रॉसिंग पर उन्हे एक युवक सड़क पर अकेला खड़ा दिखाई दिया।
#ऑपरेशन_प्रहार#एसएसपी_दून के आगे पस्त होते अपराधियों के हौसले,
प्रेमनगर क्षेत्र में हुई लूट की घटना का #दून_पुलिस ने किया खुलासा,
घटना को अजांम देने वाले 01 अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अभियुक्तों के कब्जे से घटना में लूटा गया मोबाइल फोन हुआ बरामद, pic.twitter.com/FuZy8wckMh
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) May 14, 2026
आरोपियों ने युवक से गढ़ी कैंट का रास्ता पूछने के बहाने उसके पास स्कूटी रोकी। इस दौरान युवक उनसे आगे तक ले जाने की बात कहते हुए आरोपियों के साथ स्कूटी में बैठ गया। जिसके बाद तीनों सर्वे चौक से किशन नगर चौक होते हुए ओएनजीसी चौक पहुंचे और वहां से जामुनवाला की तरफ जाने लगे।
इस दौरान आरोपियों ने युवक से थोड़ा खा-पी लेने के बाद उसे घर छोड़ने की बात कही। इस पर युवक ने अपनी सहमति जताते हुए उसके पास शराब रखी होने की बात बताई। जिसके बाद तीनों स्कूटी से प्रेमनगर क्षेत्र में हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, जहां उन्होंने स्कूटी को मंदिर के पास खड़ा किया और पास ही एक निर्माणाधीन पुल पर चढ़ गये, जहां तीनों ने साथ में बैठकर शराब पी।
इस दौरान आरोपियों ने आकाश से उसका मोबाइल फोन माँगा, लेकिन उसने मोबाइल देने से साफ इनकार कर दिया, जिस पर आरोपी ने आकाश के दोनों हाथ पीछे से पकड़कर उसकी जेब में रखे दो मोबाइल फोन और 600 रूपये छीन लिए। छीना झपटी के दौरान आकाश को धक्का लगने से वह पुल से नीचे गिर गया, जिस पर दोनों आरोपी घबराकर मौके से भाग गए।
पुलिस के मुताबिक, आकाश से छीने गए रुपयों को दोनों आरोपियों ने आपस में बांट लिया और आई-फोन को आरोपी मृदुल गुरंग ने अपने पास रख लिया। आरोपी घटना में लूटे गए आई फोन को बेचने के लिए जा रहा था, लेकिन उसे चेकिंग के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया है, कि गिरफ्तार आरोपी नशे का आदी है, उसने नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिये अपने साथी के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। उन्होंने बताया, कि घटना में शामिल आरोपी के एक अन्य साथी की तलाश की जा रही है।
