साइको किलर एनकाउंटर में ढेर, (फोटो साभार : X@ZEEUPUK)
यूपी के चंदौली में एक ‘साइको किलर’ ने 26 घंटे में तीन हत्याओं को अंजाम दिया। पहले अलग-अलग ट्रेन में चढ़कर दो युवकों को गोली मार दी और फिर अस्पताल में घुसकर एक महिला मरीज की कनपटी पर गोली मारी। वहीं अस्पताल में आरोपित को कर्मचारियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, अब पुलिस ने हत्यारोपी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चंदौली और बनारस में ताबड़तोड़ तीन हत्याएं करने वाले साइको किलर ने पहला कत्ल बीते रविवार को सुबह 7 बजे पैसेंजर ट्रेन में युवक को गोली मारकर किया। दूसरी उसी दिन वाराणसी में रात 2 बजे जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन में और जबकि तीसरी हत्या सोमवार 11 मई की सुबह 8 बजे अस्पताल में बेड पर लेटी महिला की कनपटी पर गोली मारकर की।
तीनों वारदातों की जगहों की दूरी 20 से 25 किलोमीटर है। पुलिस की जाँच में साइको किलर की पहचान अमृतसर निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ वीरेंद्र के रूप में हुई है। वह 2020 में आर्मी से रिटायर्ड हुआ और वर्तमान में बिहार के आरा में गार्ड की नौकरी कर रहा था। उसके पास से दो पिस्टल भी बरामद की गई हैं, जिनमें एक लाइसेंसी और दूसरी अवैध है।
अस्पताल में तीसरे कत्ल को अंजाम देने के बाद हमलावर ने भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने हिम्मत कर उसको पकड़ लिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया, कि उसने कत्ल की तीन वारदातों को अंजाम दिया है।
इस बीच सोमवार (11 मई 2026) को पुलिस ने आरोपित का उस समय एनकाउंटर कर दिया, जब उसने पुलिस की गिरफ्त से भागने का प्रयास किया। दरअसल, सीन रिक्रिएशन के दौरान उसने पुलिस पर भी हमला कर दिया और मौके से फरार होने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसकी मौत हो गई। एनकाउंटर में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए है।
