दक्षिण कोरियाई हॉरर-मिस्ट्री फिल्म The Wailing
हॉरर फिल्मों की शृंखला में वैसे तो कई नाम प्रचलित है, लेकिन बहुत कम डरावनी फिल्में हमें उसके खत्म होने के बाद भी याद रह पाती है। 2016 में आयी The Wailing नामक कोरियाई मूवी इन्ही गिनी-चुनी फिल्मों में अपना एक विशेष स्थान रखती है।
इस फिल्म के खत्म हो जाने के बाद भी दिमाग पर इसका एक असर रह जाता है। यह वाकई में एक डरावनी फिल्म है, जिसे हॉरर मूवी के शौकीन लोग बेहद पसंद करते है। फिल्म की कहानी शुरु होती है, एक छोटे से संदिग्ध गांव से, जहां का वातावरण बेहद नकारात्मक बना हुआ है।
जिसकी वजह है, गांव में पिछले कुछ दिनों से क्रूरतापूर्वक तरीके से किये गए कत्ल, जिसमे कातिल का शरीर और मस्तिष्क किसी और के नियंत्रण में है। दिल दहलाने वाले तरीके से होने वाली इन हत्याओ की जांच-पड़ताल के लिए एक बेहद औसत दर्जे के आलसी और कामचोर पुलिसकर्मी को तैनात किया जाता है।
पुलिस द्वारा हत्या की जांच-पड़ताल के दौरान मुख्यतः दो बाते सामने आती है, कि बेहद क्रूरता से किये गए इन कत्ल के पीछे या तो हत्या करने वाले की मानसिक दशा जिम्मेदार है, यानी मर्डर करने वाले किसी असामान्य बीमारी से पीड़ित है,जहां उनके शरीर पर कुछ निशान बनने शुरू होते है।
वहीं दूसरा इन हत्याओं के पीछे एक ऐसे जापानी शख्स का नाम आता है। जो अभी कुछ समय पूर्व ही गांव में आया है और उसके आने के बाद से ही हत्याओं का सिलसिला शुरू हुआ था। फिल्म में एक सफेद लिबास वाली एक रहस्यमय लड़की भी है, जो प्रत्येक मर्डर के समय घटनास्थल पर पायी जाती है।
जांच-पड़ताल करने वाला पुलिसकर्मी शुरू में तो मामले को हल्के में लेता है, लेकिन कुछ समय बाद यह निशान उसकी बेटी के शरीर पर बनने शुरू हो जाते है। इसके बाद पुलिसकर्मी अपनी बेटी को बचाने के लिए एक तांत्रिक की शरण में जाता है। फिल्म में दर्शको को अंत में पता चलता है, कि आखिर ये सभी कत्ल कौन कर रहा था।
फिल्म के दो पहलु है, जिसमे अति हिंसात्मक तरीके से मर्डर के दृश्यों का फिल्मांकन किया गया है, जो रूह तक को भी कंपा देता है। उसके अलावा फिल्म के हर सीन में पहेलियों की एक शृंखला, जिसे जोड़कर ही अंत में दर्शक फिल्म को समझ पाते है। The Wailing फिल्म अपनी शुरुवात से लेकर अंत तक एक सस्पेंस बना कर रखती है।
फिल्म में मुख्य कलाकारों के मासूम चेहरे के पीछे उनके दिमाग में चल रही खूनी हसरतो से भरी हैवानियत को छिपाया गया है। फिल्म के आरंभ से लेकर अंत तक कई दिलचस्प ट्विस्ट देखने को मिलते है। फिल्म का निर्देशन नाहोन्ग जिन द्वारा किया गया है,जो बेहद शानदार है। यह फिल्म अमेजन प्राइम पर उपलब्ध है।
