पीएम मोदी ने बिहार को दी ₹7200 + करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात, (फोटो साभार: @BJP4India)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (18 जुलाई 2025) को बिहार को बड़ी सौगात देते हुए 7200 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने बिहारवासियों को रेल, सड़क, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन, आईटी और स्टार्टअप और इससे जुड़ी कई परियोजनाओं का तोहफा दिया।
बिहार दौरे के दौरान पीएम मोदी ने चार नयी ‘अमृत भारत’ ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो राजेंद्र नगर-नई दिल्ली, बापूधाम मोतिहारी-दिल्ली, दरभंगा-लखनऊ और मालदा टाउन-लखनऊ के बीच चलेंगी। इसके साथ ही दरभंगा में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क (STPI) और पटना में IT/ITES/ESDM स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर का उद्घाटन भी किया।
आज बिहार के मोतिहारी से हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर अत्यंत प्रसन्न हूं। राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए एनडीए सरकार प्रतिबद्ध है। https://t.co/qMOMBKqdno
— Narendra Modi (@narendramodi) July 18, 2025
प्रधानमंत्री मोदी ने मोतिहारी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, कि पैदावार और खेती के मामले में बिहार के कई जिले पिछड़े हैं। धन धान्य योजना के जरिए हमलोग इन पिछड़े जिलों को मदद देंगे। हमलोगों का पूरा फोकस पिछड़ों पर है। उन्होंने कहा, कि आज केंद्र सरकार ने जिन विकास योजनाओं की सौगात दी है, इन सारे प्रयासों का सबसे बड़ा लाभ होगा। बिहार का विकास होगा।
प्रधानमंत्री ने अपने अपने संबोधन में कहा, कि जैसे दुनिया में पूर्वी देश तेजी से विकास कर रहे हैं, वैसे ही भारत में पूर्वी राज्यों की भूमिका भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा, कि कांग्रेस और आरजेडी की सरकारों के समय बिहार के साथ भेदभाव होता था, लेकिन 2014 के बाद एनडीए सरकार ने इस राजनीति को खत्म किया और बिहार को रिकॉर्ड राशि दी।
पीएम मोदी ने कहा, “भाजपा और NDA का विजन है, जब बिहार आगे बढ़ेगा, तभी देश आगे बढ़ेगा और बिहार तब आगे बढ़ेगा जब यहाँ का युवा आगे बढ़ेगा। हमारा संकल्प है – समृद्ध बिहार, हर युवा को रोजगार! बिहार के नौजवानों को बिहार में ही रोजगार के ज्यादा से ज्यादा मौके मिलें, इसके लिए बीते वर्षों में यहाँ तेजी से काम हुआ है।”
भाजपा और NDA का विजन है, जब बिहार आगे बढ़ेगा, तभी देश आगे बढ़ेगा और बिहार तब आगे बढ़ेगा जब यहां का युवा आगे बढ़ेगा।
हमारा संकल्प है – समृद्ध बिहार, हर युवा को रोजगार!
बिहार के नौजवानों को बिहार में ही रोजगार के ज्यादा से ज्यादा मौके मिलें, इसके लिए बीते वर्षों में यहां तेजी से… pic.twitter.com/XVJJJEqVlY
— BJP (@BJP4India) July 18, 2025
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कि नीतीश जी की सरकार ने यहाँ लाखों युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकार में नियुक्ति भी दी है और नीतीश जी ने अभी बिहार के नौजवानों के रोजगार के लिए नए निश्चय भी लिए हैं। केंद्र सरकार कंधे से कंधा मिलाकर उनका साथ दे रही है। उन्होंने कहा, कि मोतीहारी को मुंबई, गयाजी को गुरुग्राम, पटना को पुणे जैसे विकसित और समृद्ध बनाना है।
पीएम मोदी ने कहा, कि देश में और बिहार में लखपति दीदी की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक डेढ़ करोड़ बहनें पूरे देश में लखपति बन चुकी हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, कि बिहार में सीएम नीतीश कुमार ने जो जीविका दीदी योजना चलाई, उसकी खूब तारीफ हो रही है। जब बिहार आगे बढ़ेगा तो देश आगे बढ़ेगा। हमारा संकल्प है कि समृद्ध बिहार और हर नौवजानों को रोजगार।
उन्होंने कहा, कि बिहार असंभव को भी संभव बनाने वाले वीरों की धरती है। आप लोगों ने इस धरती को राजद और कांग्रेस की बेड़ियों से मुक्त किया, असंभव को संभव बनाया। उसी का परिणाम है कि आज बिहार में गरीब कल्याण को योजनाएं सीधे गरीबों तक पहुंच रही है। राजद और कांग्रेस के राज में विकास पर ब्रेक था, गरीब का पैसा गरीब तक पहुंचना असंभव था। जो शासन में थे, उनमें बस यही सोच थी कि कैसे गरीब के हक का पैसा लूट लें।
पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा, कि आज माओवाद अंतिम सांसे गिन रहा है। हमारा संकल्प है कि हम भारत को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त करके रहेंगे। साथियों यह नयाा भारत है। भारत दुश्मनों को सजा देने के लिए जमीन आसमान एक कर देता है। बिहार की इसी धरती से मैंने ऑपरेशन सिंदूर की घोषणा की थी। पूरी दुनिया ने भारत का सामर्थ्य देखा।
बिहार में ग्रामीण विकास के क्षेत्र के लिए पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 40,000 लाभार्थियों को 160 करोड़ रुपए की राशि जारी की और 12,000 परिवारों को घर की चाबियाँ सौंपी। साथ ही दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लगभग 61,500 स्वयं सहायता समूहों को 400 करोड़ रुपए की मदद दी। इससे राज्य की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने सड़क क्षेत्र में NH-319 के आरा बाईपास के 4-लेन निर्माण की आधारशिला रखी और पररिया से मोहनिया तक NH-319 के 4-लेन खंड का उद्घाटन किया, जिसकी लागत 820 करोड़ रुपए से अधिक है। इसके अलावा NH-333C पर सारवां से चकाई तक दो-लेन सड़क का निर्माण भी बिहार-झारखंड के बीच संपर्क को और मजबूत करेगा।
