CM धामी ने थराली में शौर्य महोत्सव का किया शुभारंभ, (फोटो साभार: X/@OfficeofDhami)
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार (6 जून 2025) को चमोली जिले में उत्तराखंड राज्य के प्रथम अशोक चक्र विजेता शहीद भवानी दत्त जोशी की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय ‘शौर्य महोत्सव’ का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर सीएम धामी ने अमर शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करने के साथ ही शहीद की स्मृति में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतू खंडूरी सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
सीएम धामी ने थराली में शौर्य महोत्सव का शुभारंभ दीप प्रज्वलित करके किया। इस दौरान सेना के जवानों ने बैंड धुन बजाकर माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया। वहीं मुंदोली राइडर्स क्लब ने मुंदोली से चेपड़ों तक साइकिल यात्रा कर शहीदों को नमन किया। जबकि देवाल की प्रसिद्ध धाविका सरोजिनी कोटेड़ी ने 26 किलोमीटर दौड़ लगाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
थराली में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा, कि 6 जून 1984 को ऑपरेशन ब्लू स्टार में असाधारण शौर्य और साहस का परिचय देते हुए अमर बलिदानी भवानी दत्त जोशी जी शहीद हो गए थे। इस मिशन में उन्होंने भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा को निभाते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
सीएम धामी ने कहा, “यह आयोजन केवल एक स्मरण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और वीरता की प्रेरणा देने वाला गौरवोत्सव है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन में आज भारतीय सेना का मनोबल ऊँचाई पर है। उनके नेतृत्व में भारतीय सैनिकों की शौर्य गाथा न केवल देश में, बल्कि विश्व के कोने-कोने में गूंज रही है।”
यह आयोजन केवल एक स्मरण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और वीरता की प्रेरणा देने वाला गौरवोत्सव है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के कुशल नेतृत्व एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन में आज भारतीय सेना का मनोबल ऊँचाई पर है। उनके नेतृत्व में भारतीय सैनिकों की शौर्य… pic.twitter.com/JuztnB2u2P
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) June 6, 2025
उन्होंने कहा, कि हमारी प्रदेश सरकार भी प्रधानमंत्री जी के विज़न के अनुरूप सैनिकों और उनके परिजनों के कल्याण हेतु लगातार प्रयासरत है। सीएम धामी ने कहा, कि प्रदेश में भी सैनिकों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं और उनकी सुविधा में इजाफा किया जा रहा है। इसी कड़ी में देहरादून के गुनियाल गांव में प्रदेश के अमर शहीदों की स्मृति में एक भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, कि पहले की सरकारों में इच्छा शक्ति नहीं थी और निर्णय लेने की क्षमता नहीं थी, जिस कारण हमारे वीर सैनिकों के हाथ बंधे हुए थे। लेकिन आज का नया भारत दुश्मनों को उनके घर में घुसकर मारता है। उन्होंने कहा, कि आज हमारी सेना को दुश्मनों का जवाब देने के लिए कोई परमिशन नहीं लेनी पड़ती। आज प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है।
