सांकेतिक चित्र
जनपद नैनीताल के हल्द्वानी में स्टोन क्रशर और पेट्रोल पंप कारोबारी ने महिला समेत छह लोगों पर हनीट्रैप, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपये की अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है, कि महिला ने नशीला पदार्थ खिलाकर कारोबारी के आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाएं और उन्हें वायरल करने की धमकी दी।
पीड़ित कारोबारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, अपनी संपत्ति वापस दिलाने और जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। एसएसपी के निर्देश पर हल्द्वानी कोतवाली ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायती पत्र के मुताबिक, 62 वर्षीय कारोबारी निवासी लालकुआं, बीचपुर पहले स्टोन क्रशर, पेट्रोल पंप और अन्य व्यवसायों से जुड़े थे। वर्ष 2015 में एक महिला से उनकी जान-पहचान हुई। शुरुआत में महिला ने आर्थिक सहायता के नाम पर उनसे संपर्क किया और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ाईं।
इसके बाद महिला ने कारोबारी को पूजा के बहाने घर बुलाकर प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया और कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाने शुरू कर दिए। आरोप है, कि इन्हीं तस्वीरों और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल किया जाने लगा।
पीड़ित के अनुसार, साल 2016 में उनसे करीब 45 लाख रुपये लिए गए। इसके बाद 2016 से 2022 तक उनका महिला से कोई संपर्क नहीं रहा, लेकिन इसके बाद फोन पर कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग और पैसों की मांग का सिलसिला फिर शुरू हो गया।
आरोप है, कि आरोपितों ने कारोबारी पर दबाव बनाकर करीब दो करोड़ रुपये बाजार कीमत के चार फ्लैट अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम करवाए। पीड़ित ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और अन्य माध्यमों से भी रकम वसूलने का आरोप लगाया गया है। रकम नहीं देने पर फोटो-वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकियां भी दी।
शिकायत में 5 नवंबर 2026 की एक घटना का जिक्र करते हुए बताया गया है, कि महिला उनके छोटे भाई के घर के पास पहुंच गई और कथित तौर पर पैसे लेकर ही वापस जाने की बात कही। पीड़ित का दावा है, कि लगातार आर्थिक दबाव के चलते उनका मकान, पेट्रोल पंप और स्टोन क्रशर तक बिक गया।
इसके बावजूद पैसों की मांग बंद नहीं हुई और अब भी उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने तथा जेल भिजवाने की धमकियां दी जा रही हैं। पीड़ित ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, कथित तौर पर हड़पी गई संपत्ति और रकम वापस दिलाने तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
कोतवाल हल्द्वानी विजय मेहता का कहना है, कि कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने गौजाजाली उत्तर निवासी ज्योति सिंह, टनकपुर रोड निवासी मोहम्मद मुस्तकीम, कुंदन कुमार, पंकज, सोनम उर्फ दिनेश और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
