सांकेतिक चित्र
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश का क्रम बुधवार को भी जारी है। इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वानुमान जारी कर अगले मंगलवार तक प्रदेश के सभी जिलों में बारिश की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग ने गुरुवार 30 जुलाई के लिए चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में मानसून अपने कड़े तेवर दिखा रहा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले 48 घंटों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार 30 जुलाई को बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।
दिनांक 29.07.2026 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी | pic.twitter.com/b5jU8SEnS3
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) July 29, 2026
इसके साथ ही बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर के मद्देनजर इन जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, शेष पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गर्जना के साथ तेज से बहुत तेज बारिश होगी। हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं वज्रपात के साथ बिजली गरजेगी। इन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी है।
गौरतलब है, कि उत्तराखंड में आसमानी आफत कहर बनकर बरस रही है। मैदानी क्षेत्रों से लेकर पहाड़ों तक भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर है और नदिया खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। लगातार हो रही बारिश का असर गंगा नदी पर भी साफ दिखाई दे रहा है। ऋषिकेश में गंगा चेतावनी रेखा के बेहद करीब पहुंच गई है।
वहीं प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी और यात्रा मार्गों पर भूस्खलन को देखते हुए चारधाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा दो दिन के लिए स्थगित की गई है। मौसम सामान्य होने पर 30 जुलाई से फिर यात्रा संचालित होगी। मंडलायुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप का कहना है, कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है।
