सांकेतिक चित्र
बिहार के जहानाबाद जिले से खौफनाक वारदात सामने आई है। जहां एक युवक ने गड़ासा से भाभी का सिर धड़ से अलग कर दिया और फिर उसे हाथ में लेकर गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के समीप बरगद के पेड़ पर लटका दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इस वीभत्स हत्याकांड से पूरे गांव में दहशत और सनसनी फैल गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जहानाबाद के परसबिगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत इमादपुर गांव में बुधवार सुबह मामूली विवाद में देवर ने अपनी 22 वर्षीय भाभी अंशु कुमारी की चारा काटने वाले गड़ासे से निर्मम हत्या कर दी। बताया जा रहा है, कि बुधवार सुबह परिवार के अधिकांश सदस्य धान रोपने के लिए खेत गए हुए थे।
इस दौरान देवर कुणाल ने अपनी भाभी से खाना मांगा। अंशु कुमारी जब कुणाल को खाना परोसने आई तब उसके हाथों में थोड़ी मिट्टी लगी हुई थी। बगैर हाथ धोए खाना परोसने से नाराज कुणाल ने अपनी भाभी के साथ मारपीट करते हुए उसे जमीन पर पटक दिया, फिर पास ही पड़े गंडासी से हमला कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया।
इस खौफनाक घटना के बाद आरोपित भाभी का सिर हाथ में लेकर घर से बाहर निकला और आंगनबाड़ी केंद्र के समीप बरगद के पेड़ पर टांग दिया। यह भयावह दृश्य देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों के शोर मचाने पर वह सिर को वापस घटनास्थल पर शव के पास रखकर वहीं बैठ गया।
इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना परसबिगहा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। मृतका की पहचान धमेंद्र कुमार की पत्नी अंशु कुमारी के रूप में हुई है। उसकी शादी एक साल पहले ही हुई थी।
