सीएम धामी खटीमा में छठ पूजा में हुए शामिल
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर सोमवार सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेलाघाट स्थित बाइस पुल छठ घाट पर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का समापन किया। इस अवसर पर सीएम धामी ने उपस्थित श्रद्धालुओं से भेंट कर उन्हें छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी।
सीएम धामी ने इस अवसर पर छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। उन्होंने कहा, कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, अटूट आस्था, पवित्र परंपराओं और सामाजिक समरसता का अनुपम संगम है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, कि यह पावन पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, संयम, सेवा और सामूहिक सद्भाव का संदेश देता है। बचपन से ही वह खटीमा में छठ पर्व के आयोजनों में शामिल होते रहे हैं। उन्होंने कहा, कि छठ महापर्व महिलाओं की कठिन तपस्या, आस्था, श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है।
LIVE: छठ घाट, खिलड़िया (खटीमा) में छठ पूजा के पावन अवसर पर सहभागिता https://t.co/MerPfyp0Tp
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 16, 2026
उन्होंने कहा, कि खटीमा एक लघु भारत की तरह है, जहां अलग-अलग समाज और समुदाय के लोग सभी त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, कि गृह क्षेत्र होने के कारण उनका प्रयास रहता है कि वह यहां आयोजित होने वाले प्रमुख पर्वों और धार्मिक आयोजनों में लोगों के बीच मौजूद रहें।
बता दें, कि सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया। छठ पूजा के अवसर पर 22 पुल छठ घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सैकड़ों की संख्या में पूर्वांचल समाज के लोगों ने घाट पर पहुंचकर विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य की उपासना की।
