हत्या के आरोप में 25 साल बाद फरार के बाद Ex-Muslim सलीम वास्तिक गिरफ्तार (फोटो साभार : NDTV/ANI)
दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे फरार अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसने सबको अचंभित कर दिया है। दरअसल, क्राइम ब्रांच ने 31 साल पुराने अपहरण और कत्ल के मामले में फरार सलीम वास्तिक को गाजियाबाद के लोनी से गिरफ्तार किया है। बता दें, कि सलीम सोशल मीडिया पर इस्लाम की आलोचना और विवादित बयानों के लिए अक्सर सुर्खियों में रहता था।
समाचार एजेंसी एएनआई की एक्स पोस्ट के अनुसार, एक्स-मुस्लिम यूट्यूबर के तौर पर पहचान बना चुके सलीम वास्तिक पिछले 26 सालों से नाम बदलकर पुलिस से बचता रहा। वर्ष 1995 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के एक सीमेंट कारोबारी का 13 साल का बेटा संदीप बंसल स्कूल से घर नहीं लौटा। अगले दिन पिता के पास फोन आया और बच्चे की जान के बदले 30,000 रुपए की फिरौती माँगी गई।
#WATCH | DCP crime branch Sanjeev Yadav says, "The Delhi Police Crime Branch received information yesterday that a man named Salim Khan, wanted in the 1995 murder case and kidnapping for ransom of a 13-year-old child, who had been sentenced to life imprisonment by a court, was… https://t.co/ve4TNOTzcN pic.twitter.com/iENsNuu119
— ANI (@ANI) April 25, 2026
तफ्तीश के दौरान पुलिस का शक स्कूल के मार्शल आर्ट्स कोच सलीम खान पर गया। जब उसे पकड़ा गया, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। सलीम की निशानदेही पर पुलिस ने मुस्तफाबाद के एक गंदे नाले से बच्चे का शव बरामद किया था। साल 1997 में कोर्ट ने सलीम खान और उसके साथ हत्याकांड में शामिल अनिल को दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, लगभग तीन साल जेल में रहने के बाद साल 2000 में सलीम को दिल्ली हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई। जेल से बाहर आते ही सलीम वापस जेल नहीं लौटा और फरार हो गया। वहीं साल 2011 में हाईकोर्ट ने उसकी सजा को बरकरार रखा, लेकिन तब तक सलीम गायब हो चुका था और कई सालों तक पुलिस की गिरफ्त से बचता रहा।
वहीं पुलिस की पकड़ से बचने के लिए सलीम ने कागजों में खुद को मृत घोषित करवा दिया, ताकि पुलिस उसकी तलाश बंद कर दे। इसके बाद उसने अपनी पहचान पूरी तरह बदल ली। उसने अपना नाम ‘सलीम अहमद’ और फिर ‘सलीम वास्तिक’ रख लिया। वह हरियाणा के करनाल और अंबाला जैसे शहरों में छिपकर रहने लगा और अलमारी बनाने का काम करने लगा।
इसके बाद सलीम गाजियाबाद के लोनी में आकर रहने लगा। इस दौरान सलीम ने यूट्यूब पर ‘Ex-Muslim सलीम वास्तिक’ के नाम से अपनी नई पहचान बनाई। वह इस्लाम पर अपने विवादित बयानों और कट्टरवाद के खिलाफ बोलने के कारण सुर्खियों में आ गया। हाल ही में एक बॉलीवुड प्रोड्यूसर ने उसके जीवन पर फिल्म बनाने के लिए उसे 15 लाख रुपए का एडवांस चेक भी दिया था।
सलीम वास्तिक को लगा था, कि वह अपनी पुरानी पहचान दफन कर चुका है, लेकिन दिल्ली पुलिस की एंटी रॉबरी एंड सीरियस क्राइम (ARSC) उस पर नजर रख रही थी। पुलिस ने कोर्ट के पुराने रिकॉर्ड, फिंगरप्रिंट और फोटोग्राफ्स के आधार पर उसकी पहचान की पुष्टि की। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल वह तिहाड़ जेल में बंद है।
