लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले CM धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश के मध्य सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान तथा पूर्व में लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
इस अवसर पर सीएम धामी ने विशेष रूप से बनबसा बैराज एवं नगरा बाईपास नहर की मरम्मत तथा झनकैया पुल व सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने एवं जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण का विषय उठाया। उन्होंने इन कार्यों को जनहित की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, कि बनबसा बैराज एवं नगरा बाईपास नहर की मरम्मत तथा संबंधित पुलों का सुदृढ़ीकरण स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं सिंचाई सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा, कि इन कार्यों के शीघ्र क्रियान्वयन से स्थानीय लोगों एवं किसानों को लाभ मिलेगा। इसके लिए दोनों राज्यों के संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखना जरूरी है।
उत्तर प्रदेश के आदरणीय मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी से भेंट कर सिंचाई विभाग सहित अन्य लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान पर विस्तृत चर्चा की।
दोनों राज्यों के आपसी सहयोग एवं समन्वय से अब तक ₹20 हजार करोड़ से अधिक मूल्य के परिसंपत्ति विवादों का समाधान हो चुका है तथा अन्य लंबित प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया भी गतिमान है। आज की बैठक में शेष प्रकरणों का भी यथाशीघ्र समाधान करने पर सहमति बनी।
उत्तराखण्ड के हितों से जुड़े विषयों पर निरंतर सहयोग एवं सकारात्मक पहल के लिए आदरणीय योगी जी का हार्दिक आभार। इस अवसर पर माननीय कैबिनेट मंत्री श्री @satpalmaharaj जी भी साथ रहे।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 18, 2026
इस दौरान दोनों राज्यों के बीच सिंचाई विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों से संबंधित परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण एवं लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर भी विचार-विमर्श किया गया। पूर्व में विभिन्न स्तरों पर बनी सहमति के अनुरूप अब तक हुई प्रगति की चर्चा करते हुए शेष मामलों के समयबद्ध समाधान तथा संबंधित निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, कि उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश के बीच आपसी सहयोग, सकारात्मक संवाद और निरंतर समन्वय से परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हुआ है। दोनों राज्यों के बीच पूर्व में बनी सहमति के आधार पर कई प्रकरणों में आवश्यक कार्यवाही पूरी की जा चुकी है।
सीएम धामी ने विश्वास व्यक्त किया, कि शेष लंबित विषयों का भी आपसी सहमति एवं सहयोग से शीघ्र समाधान होगा। उन्होंने परिसंपत्तियों से जुड़े विभिन्न मामलों के समाधान में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा, कि दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय से जनहित से जुड़े विषयों का समाधान सुनिश्चित करने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
