सांकेतिक चित्र, (फोटो साभार: NBT)
ग्वालियर के बहोड़ापुर इलाके में साबुन में ब्लेड निकलने से एक 10 साल के बच्चे के चेहरे पर चोट की घटना का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उपभोक्ता फोरम ने साबुन निर्माता कंपनी रैकिट इंडिया लिमिटेड को 56 हजार रुपये क्षतिपूर्ति देने का आदेश दिया है।
जानकारी के अनुसार, बहोड़ापुर निवासी अंगद सिंह तोमर ने 27 मई 2025 को आनंद नगर स्थित एक किराने की दुकान से अन्य सामानों के साथ एक प्रसिद्ध ब्रांड के साबुन के 10 पैकेट खरीदे। अगले दिन, उनका बेटा जब नहाने गया और नए साबुन का उपयोग किया, तो नहाते समय साबुन से उसके चेहरे के पास गहरा कट लग गया और खून बहने लगा।
बच्चे की चीख पुकार सुनकर माता-पिता मौके पर पहुंचे और उसके चेहरे से खून बहता देख घबरा गए। जब उन्होंने साबुन को ध्यान से देखा, तो उसमें अंदर ब्लेड निकली। यह देख परिवार में हड़कंप मच गया। अंगद सिंह तुरंत दुकान पहुंचे और दुकानदार को साबुन दिखाया।
डिटॉल साबुन में निकली ब्लेड, बच्चे का गाल कटा: ग्वालियर में नहाते समय बहने लगा खून; पिता ने उपभोक्ता फोरम में की शिकायत
https://t.co/ddfVVsfHC4
#Madhyapradesh #Gwalior #Soap https://t.co/3SSqm0Skfu— Dainik Bhaskar (@DainikBhaskar) May 28, 2025
दुकानदार को पहले तो यकीन नहीं हुआ, लेकिन बाद में उसने साबुन बदल कर दूसरा पैकेट दे दिया। बेटे के साथ हुए हादसे से डरे अंगद सिंह ने नया साबुन पहले पानी में घिसकर जांचा, तो उसमें भी ब्लेड निकली। इसके बाद, अंगद सिंह तोमर ने राष्ट्रीय उपभोक्ता फोरम की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने कहा, कि कंपनी की लापरवाही से उनके बेटे की जान जा सकती थी। यह फैक्ट्री स्तर पर हुई घोर लापरवाही का नतीजा है। समस्या का समाधान न होने पर उन्होंने जिला उपभोक्ता आयोग में परिवाद प्रस्तुत किया। वहीं सुनवाई के दौरान निर्माता कंपनी ने अपने बचाव में कहा, कि साबुन के निर्माण में पूरी सावधानी बरती जाती है।
कंपनी ने कहा, कि साबुन बनाने में इस्तेमाल होने वाली कच्ची सामग्री पाउडर के रूप में रहती है और निर्माण प्रक्रिया के दौरान दो मेटल डिटेक्टर से जांच की जाती है। कंपनी ने दावा किया, कि संबंधित बैच के 21 साबुन दुकानदार से लेकर जांच कराई गई थी। इनमें से 14 साबुन की जांच एफडीए से मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में कराई गई, लेकिन उनमें कोई गड़बड़ी नहीं मिली।
वहीं आयोग ने सुनवाई के दौरान कहा, कि कंपनी ने निर्माण प्रक्रिया में मेटल डिटेक्टर के इस्तेमाल का दावा तो किया, लेकिन यह प्रमाणित नहीं किया, कि शिकायत वाला साबुन जांच से गुजरा था। कंपनी यह भी साबित नहीं कर सकी, कि साबुन को जमाने, पैकिंग करने और बिक्री के लिए भेजने से पहले भी धातु की जांच की जाती है।
आयोग ने माना, कि एक ही बैच के कुछ साबुन जांच में ठीक पाए जाने से यह तय नहीं होता, कि उस बैच का प्रत्येक साबुन ठीक है। परिवादी ने बच्चे के उपचार से संबंधित चिकित्सकीय दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए थे, इसलिए आयोग ने दावा की गई 3.50 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति को उचित नहीं माना।
उपभोक्ता फोरम ने साबुन निर्माता कंपनी के आचरण को अनुचित व्यापार व्यवहार माना। शिकायत के समाधान के लिए उचित कदम नहीं उठाने पर दुकानदार और वितरक की सेवा में भी आंशिक कमी पाई गई, लेकिन साबुन में ब्लेड से बच्चे को चोट लगने और परिवार में पैदा हुए भय को क्षतिपूर्ति का आधार माना।
