पिल्ला गैंग का शूटर गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@haridwarpolice)
हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में कांवड़िये पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले पिल्ला गैंग के शूटर सत्यम जाट को पुलिस ने अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोप है, कि इसी ने हरियाणा के कांवड़िए पर मामूली कहासुनी में गोली चलाई थी। पिल्ला गैंग के इस शूटर की गिरफ्तारी के साथ ही मामले में पकड़े गए बदमाशों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार 1 जून को गुरुकुल कांगड़ी के पास हरिद्वार से दिल्ली जा रहे कांवड़ियों की स्थानीय युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है, कि पिल्ला गैंग से जुड़े युवकों ने कांवड़ियों के साथ मारपीट, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचे से फायरिंग कर दी, जिसमें एक कांवड़िया घायल हो गया।
🐶 कांवड़िये पर फायरिंग करने वाला पिल्ला गैंग का एक और Puppy गिरफ्तार
⚠️ आपसी कहासुनी के दौरान कांवड़िये पर चलाई थी गोली
🎯 कनखल पुलिस का संकल्प, “पिल्ला गैंग का पूर्ण रूप से सफाया”
🚔 अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी#ZeroTolerance #KanwarYatra #CrimeControl pic.twitter.com/nKkNy0qLXk
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) June 18, 2026
घायल कांवड़िए को उसके साथी तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर कनखल पुलिस ने वारदात के अगले ही दिन चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी सत्यम जाट पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया था। जिसके बाद कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सादे कपड़ों में जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाई और मामले में वाँछित चल रहे अन्य तीन आरोपियों को भी दबोच लिया।
इस क्रम में अब फायरिंग करने वाले आरोपी सत्यम जाट पुत्र जबर सिंह निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया गया है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है।
कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया, कि फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया गया है। पिल्ला गैंग के अन्य सदस्यों और उनकी आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। गैंग से जुड़े सदस्यों का सत्यापन कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
