रिजार्ट संचालक ने श्मशान घाट पर करा दी शादी
प्रदेश में वेडिंग डेस्टिनेशन के नाम पर एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, सल्ट के मर्चूला में एक विवाह समारोह का स्थल विवाद का कारण बन गया। यहां रामगंगा और बदनगढ़ नदी के संगम के पास स्थित एक पुराने अंत्येष्टि स्थल पर जयमाला की रस्म निभाई गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद गहरा गया है।
जानकारी के अनुसार, टूरिस्ट स्पाट मर्चूला में पवित्र रामगंगा और बदनगढ़ नदी के संगम तट पर स्थित शमशान घाट पर रिजार्ट संचालक ने प्रशासन की अनुमति के बिना विवाह समारोह आयोजित कर सभी को हैरान कर दिया। स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताते हुए इसे परंपराओं के प्रति असंवेदनशीलता करार दिया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है, कि अंतिम यात्रा पूरी करने के बाद जहां अंत्येष्ठी की जाती है, वहां पर शादी की रस्म निभाया जाना पूरी तरह गलत है। वहीं सोशल मीडिया पर इस खबर के वायरल होने के बाद नवविवाहत जोड़े के जीवन की नई शुरूआत की खूब चर्चा हो रही है। लोग कह रहे है, कि वेडिंग डेस्टिनेशन के नाम पर अब परम्पराओं के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
वहीं इस अजीबोगरीब वेडिंग डेस्टिनेशन की घटना पर तहसीलदार आबिद अली ने कहा, कि सार्वजनिक स्थल वह भी श्मशान घाट में इस तरह की गतिविधि पर रिजॉर्ट संचालक से पूछताछ कर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने रिसोर्ट से बाहर शमशान घाट की भूमि पर बिना अनुमति विवाह समारोह आयोजित करने के मामले पर जाँच शुरू कर दी है।
फिलहाल यह जांच का विषय है, कि अनजाने में पर्यटकों ने जयमाला के लिए अंत्येष्टि स्थल चुना या रिजार्ट संचालक ने इसे वेडिंग डेस्टिनेशन स्थल बता जयमाला की रस्म करा दी।
