प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल चित्र) (फोटो साभार: ANI)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को महिला आरक्षण बिल को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश जारी किया है। पीएम मोदी ने कहा, कि संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने की राह में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा।
एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए पीएम मोदी ने कैप्शन में लिखा, “हमने अपनी ‘नारी शक्ति’ से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने कहा, कि हमारा हौसला बुलंद है और हमारी हिम्मत अटूट है। प्रधानमंत्री ने कहा, कि देश की 100 प्रतिशत नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है।
We had made a promise to our Nari Shakti and we remain committed to fulfilling it… https://t.co/ZT3TK71Psh
— Narendra Modi (@narendramodi) November 28, 2026
पीएम मोदी ने कहा, कि नारी शक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है। सालों से मैं भी इसके लिए प्रयास करने वालों में से एक हूं। कितनी ही महिलाएं ये विषय मेरे सामने उठाती रही है। कितनी ही बहनों ने पत्र के द्वारा मुझे सारी बातें बताई है। उन्होंने कहा, “मैं देश की हर नारी को विश्वास दिलाता हूं हम महिला आरक्षण के रास्ते आने वाली हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे।”
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने वीडियो संदेश में आगे कहा, “हमारी हिम्मत अटूट है और हमारा इरादा भी अडिग है। महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां। ये देश की नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से कभी भी रोक नहीं पाएंगे। सिर्फ वक्त का इंतजार है।”
प्रधानमंत्री का यह बयान केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से महिला आरक्षण को लागू करने के लिए नए प्रस्तावों को मंजूरी दिए जाने के एक दिन बाद आया है। इन प्रस्तावों का मकसद लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का मार्ग प्रशस्त करना है। इस पैकेज में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 शामिल है।
बता दें, कि केंद्र सरकार ने डिलिमिटेशन बिल की तैयारी भी पूरी कर ली है। बिल की कॉपियां संसद के सदस्यों को बांट दी गई हैं। उनसे बिल को पढ़ने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही सांसदों से कहा गया है, कि अगर बिल को लेकर कोई सवाल कोई आपत्ति है तो वो उसे तैयार कर लें। संसद में चर्चा के दौरान सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।
गौरतलब है, कि मोदी सरकार सोमवार (30 नवंबर 2026) से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण विधेयक को पारित कराना चाहती है। महिला आरक्षण बिल भी परिसीमन से जुड़ा है, इसलिए इस बिल के पास होने के साथ ही 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण भी लागू हो जाएगा।
