हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में मांस बेचने पर पाबंदी
धर्मनगरी हरिद्वार में अब नगर निगम के पूरे क्षेत्र में कच्चे मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लागू होगा। नगर निगम की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद तैयार की गई मांस विक्रय प्रतिबंध उपविधि में ज्वालापुर के वह क्षेत्र भी प्रतिबंध के दायरे में आएंगे, जहां अब तक मांस बिक्री पर प्रतिबंध लागू नहीं था।
गौरतलब है, कि धार्मिक स्थल होने के कारण हरिद्वार में शराब और मांस पूरी तरह प्रतिबंधित है। जबकि शहर से दूर ज्वालापुर क्षेत्र में मांस की कई दुकानों संचालित होती है। हालांकि अब नगर निगम पूरे क्षेत्र में मांस को प्रतिबंध करने जा रहा है। इसी क्रम में नगर निगम की बोर्ड बैठक में समूचे नगर निगम क्षेत्र में मांस बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
नगर निगम प्रशासन द्वारा तैयार उपविधि के अनुसार, पहली बार नियम तोड़ने पर संबंधित व्यक्ति पर 50 हजार रुपए और दूसरी बार उल्लंघन करने पर एक लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा। इसके अलावा आनलाइन माध्यम, मोबाइल एप और अन्य डिजिटल प्लेटफार्म के जरिए मांस की डिलीवरी भी प्रतिबंध के दायरे में रहेगी।
ऑनलाइन माध्यम से प्रतिबंधित मांस की डिलीवरी करने वाली कंपनियों के लिए पहली बार एक लाख और दूसरी बार तीन लाख रुपए तक के आर्थिक दंड का प्रावधान किया गया है। जरूरत पड़ने पर संबंधित प्रतिष्ठान को सील करने के साथ अन्य विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर निगम, हरिद्वार उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया, कि मांस विक्रय प्रतिबंध उपविधि 2026 तैयार कर प्रकाशन को भेज दी गई है। उपविधि के प्रकाशित होने के बाद नगर निगम के संपूर्ण क्षेत्र में इसके प्राविधान प्रभावी हो जाएंगे। सभी प्रकार के कच्चे मांस की बिक्री पर रोक रहेगी।
उप नगर आयुक्त ने बताया, कि दुकानों पर मांस की बिक्री के साथ ही उसका भंडारण कर बिक्री के लिए प्रदर्शित करना भी प्रतिबंधित होगा। उपविधि लागू होने के बाद ज्वालापुर के वे क्षेत्र भी इसके दायरे में आ जाएंगे, जो अब तक प्रतिबंध से बाहर थे।
