पुलिस की गिरफ्त में आरोपी,(फोटो साभार: etvbharat)
रुड़की के पिरान कलियर में फर्जी मार्कशीट और स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) तैयार कर धोखाधड़ी करने के मामले का खुलासा हुआ है। आरोप है, कि प्रधानाचार्य ने दो अन्य आरोपियों के साथ मिलकर कॉलेज के रिकॉर्ड से छेड़खानी की और दूसरे छात्रों की मार्कशीट पर फ्लूड लगाकर नाम बदलकर फर्जी अंकतालिकाएं तैयार की।
पुलिस के मुताबिक, सितंबर 2025 को सिंचाई विभाग रुड़की के स्थापना खंड में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कालूराम यादव ने सिविल लाइन कोतवाली में शिकायत दर्ज कर संदीप कुमार और सपना देवी के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार कर मृतक प्रकाश चंद की नौकरी और पेंशन हासिल करने का आरोप लगाया गया था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 336, 338, 340 और 318(4) के तहत कार्रवाई करते हुए जांच उपनिरीक्षक भजराम चौहान को सौंपी गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के शैक्षिक दस्तावेजों और विद्यालयों के रिकॉर्ड की जांच की तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए।
जांच में सामने आया, कि संदीप कुमार और सपना देवी ने वर्ष 2013-14 में शिव बाबा इंटर कॉलेज से दसवीं की परीक्षा दी थी, जिसमें दोनों फेल हो गए थे। इसके बाद संदीप ने वर्ष 2015 में दूसरे विद्यालय से दसवीं की परीक्षा पास की, जबकि सपना फिर फेल रही।
इस बीच उनकी कक्षा नौ की मार्कशीट को लेकर भी गड़बड़ी सामने आई। जांच में संदीप कुमार की वर्ष 2012-13 की कक्षा नौ की मार्कशीट भी संदिग्ध पाई गई, जो शिव बाबा इंटर कॉलेज माजरी के नाम से जारी दिखाई गई थी।
इसके बाद पुलिस ने शिव बाबा इंटर कॉलेज के वर्तमान प्रधानाचार्य और मालिक रविंद्र कुमार से पूछताछ की। पूछताछ में रविंद्र कुमार ने बताया, कि पूर्व प्रधानाचार्य की मृत्यु के बाद से वह कॉलेज का संचालन कर रहा है।
आरोप है, कि रविंद्र कुमार ने कॉलेज के रिकॉर्ड में छेड़छाड़ कर दूसरे विद्यार्थियों की मार्कशीट पर फ्लूड लगाकर नाम बदल दिए और संदीप कुमार व सपना देवी के साथ मिलकर फर्जी टीसी और अंकतालिकाएं तैयार की। इन दस्तावेजों का इस्तेमाल मृतक प्रकाश चंद की नौकरी और पेंशन हासिल करने के कथित प्रयास के तहत किया गया।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया, कि आरोपी रविंद्र कुमार निवासी माजरी, पिरान कलियर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी हुई है, कि फर्जी मार्कशीट और टीसी तैयार करने में अन्य आरोपियों की क्या भूमिका रही है।
