बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा, (फोटो साभार: अमर उजाला)
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से चमोली जा रही विश्वनाथ सेवा की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मौके पर मौजूद प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती प्रदीप चौहान ने बताया, कि गूलर के पास बस रेलिंग तोड़ते हुए नीचे खाई में गिरी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कि विश्वनाथ सेवा की यह बस मंगलवार सुबह 3:30 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी। हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे। गूलर के पास करीब 5:30 बजे ये सड़क हादसा हुआ। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हादसे के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इस बीच एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल पर भेजी गई हैं। मौके पर पुलिस बल मौजूद है।
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर के पास सवारियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में करीब 30 लोग सवार थे। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, दुर्घटना में लगभग 20 लोगों के घायल और 6 लोगों की मौत की खबर आ रही। https://t.co/XqJD94MhHE
— Bhupi Panwar (@askbhupi) November 17, 2026
एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया, कि हादसे में चार लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो खाई में गिरे हुए हैं। उन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 20 घायलों को बस से बाहर निकाला जा चुका है। इनमें से 19 घायलों को तत्काल उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।
