कांग्रेस विधायक हरीश धामी, (फोटो साभार: अमर उजाला)
अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम के मंच पर तोड़फोड़ करने पर कांग्रेस विधायक हरीश धामी समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मंच पर तोड़फोड़ और भाजपा कार्यकर्ताओं से मारपीट के आरोपों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक और समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी।
जौलजीबी कोतवाल हरेंद्र सिंह नेगी के मुताबिक, पुलिस द्वारा स्वत: संज्ञान लेकर हरीश सिंह धामी सहित 6 नामजद (राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया, विक्रम दानू) एवं अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) एवं 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज जांच एवं विवेचनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बता दें, कि शनिवार 14 नवंबर को ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भाषण के बाद माहौल गरमा गया। दरअसल, सीएम के जाने के तुरंत बाद कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे स्थानीय विधायक हरीश धामी ने माइक थाम कर बोलना शुरू किया, तभी एकाएक माइक से आवाज आनी बंद हो गई।
इस पर विधायक धामी साउंड सिस्टम ऑपरेटरों की ओर दौड़े। विधायक ने माइक ऑपरेटर की ओर फेंककर खरी-खोटी सुनाई और कुर्सियां पटक दी। विधायक के इस आक्रामक व्यवहार के बीच तुरंत उनके समर्थक मंच पर चढ़ गए। देखते ही देखते मंच पर हंगामा शुरू हो गया।
इस दौरान विधायक धामी ने भी मंच पर चढ़कर बिना माइक के लोगों से कुछ बोलने का प्रयास किया। शोर शराबे और नारेबाजी के बीच विधायक समर्थकों ने मंच पर रखी कुर्सियां, माइक, स्पीकर और माइक स्टैंड पकड़कर नीचे फेंक दिए। उग्र समर्थकों को काबू करने की कोशिश में पुलिस कर्मियों के भी हाथ-पांव फूल गए।
उत्तराखंड का यह वीडियो कांग्रेस नेताओं के राजनीतिक व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
जौलजीबी मेला, पिथौरागढ़ में कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी और अन्य नेताओं का यह आचरण आखिर किस तरह की राजनीतिक संस्कृति को दर्शाता है?
जनता के बीच राजनीति की पहचान जनसेवा और मर्यादा से होनी चाहिए, न कि ऐसे विवादित व्यवहार से।
@grok puri details do
— Arohi Shukla (@arohishukl50402) November 15, 2026
गौरतलब है, कि कुछ ही देर में इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और हर तरफ जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में हुए बवाल की चर्चा होने लगी। वहीं विधायक धामी का कहना है, कि उनसे कार्यक्रम की अध्यक्षता कराई गई, लेकिन बोलने तक का मौका नहीं दिया गया।
बीते रविवार को भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस विधायक हरीश धामी के जौलजीबी मेले में अमर्यादित व्यवहार पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, कि जगह-जगह पर कांग्रेस की अराजकता दिख रही है। यह इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस को समझ में आ गया कि आने वाले समय में जनता उन्हें नकारने वाली है।
सीएम धामी ने कहा, कि कांग्रेस की जमीन गायब हो चुकी है। इससे हताश व निराश कांग्रेस मानसिक संतुलन खो रहे हैं। ऐसे व्यवहार की कल्पना बच्चे से भी नहीं की जा सकती है। लोकतंत्र में अमर्यादित व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। आने वाले समय में भी प्रदेश की जनता कांग्रेस को वहीं भेजने वाली है, जहां वर्तमान में बैठी हुई है।
