सांकेतिक चित्र, (फोटो साभार: canva.com)
उत्तराखंड सरकार ने 30 आईएएस-पीसीएस अफसरों के तबादले कर दिए। बुधवार देर शाम सचिव कार्मिक शैलेश बगोली द्वारा तबादला आदेश जारी किए गए। दरअसल, आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ये अफसर इधर से उधर किए गए हैं।
इस तबादला सूची में 10 आईएएस अधिकारियों के साथ ही 20 पीसीएस अधिकारियों की जिम्मेदारी में बदलाव किया है। जारी आदेशों के मुताबिक, आईएएस निधि यादव से निदेशक पंचायती राज का प्रभार हटा दिया गया है। वह अपर सचिव कृषि के पद पर सेवाएं देती रहेंगी।
भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं राज्य सिविल सेवा के अधिकारियों की ट्रांसफर लिस्ट जारी
#iastransfer
#uttarakhand https://t.co/REeBFfpwvd— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) November 11, 2026
देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह को अपर सचिव पर्यटन बनाया गया है। उनकी जगह आईएएस दीपक सैनी को देहरादून का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। दीपक अभी तक सीडीओ पिथौरागढ़ थे।
इसी क्रम में अपर निदेशक शहरी विकास प्रवीण कुमार को मुख्य विकास अधिकारी पिथौरागढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। आईएएस अनामिका की बाध्य प्रतीक्षा खत्म करते हुए मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी आईएएस गौरी प्रभात को संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की भेजा गया है।
संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी को संयुक्त मजिस्ट्रेट काशीपुर की जिम्मेदारी दी गई है। PCS अधिकारी जीवन सिंह को आयुक्त गन्ना चीनी काशीपुर की जिम्मेदारी मिली है। वर्तमान में वे अपर आयुक्त कुमाऊं मंडल नैनीताल की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। PCS त्रिलोक सिंह को अपरायुक्त कुमाऊं बनाया गया है।
PCS अभिषेक त्रिपाठी को पंचायती राज का निदेशक बनाया गया है। अभी तक वे मुख्य विकास अधिकारी चमोली की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। PCS रामजी शरण को अपर निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी की जिम्मेदारी मिली है। अब तक वे मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा की जिम्मेदारी वहन कर रहे थे।
PCS तीर्थपाल सिंह से अपर निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी की जिम्मेदारी वापस ली गई है। वहीं, PCS जय भारत सिंह को अपर निदेशक शहरी विकास की जिम्मेदारी मिली है। अभी तक वे बतौर मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी के पद पर तैनात थे। एडीएम ऊधमसिंह नगर कौस्तुभ मिश्र को हटाकर उप निदेशक मंडी परिषद रुद्रपुर भेजा गया है।
एडीएम देहरादून स्मृता परमार को नगर आयुक्त रुड़की बनाया गया है। नगर आयुक्त काशीपुर को एडीएम बागेश्वर की जिम्मेदारी दी गई है। उप निदेशक मंडी रुद्रपुर निर्मला बिष्ट को एडीएम प्रशासन ऊधमसिंह नगर बनाया गया है। एडीएम प्रशासन हरिद्वार जितेंद्र कुमार को एडीएम देहरादून बनाया गया है।
