अखिलेश यादव के ‘घुसपैठिया’ बयान पर CM धामी की कड़ी प्रतिक्रिया, (फोटो साभार: etvbharat/ANI)
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के ‘घुसपैठिया’ बयान पर उत्तराखंड में सियासी पारा गरम हो गया है। सीएम धामी ने इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, कि अखिलेश यादव को अपने इस अपमानजनक बयान के लिए समस्त उत्तराखण्डवासियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, कि कांग्रेस की सहयोगी समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड का अपमान करना कोई नई बात नहीं है। उत्तराखंड की जनता आज भी उस दौर को नहीं भूली है, जब उनके पिता मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में अलग राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर गोलियां चलाई गई थी।
उन्होंने कहा, कि जिनके शासनकाल में उत्तराखंड के आंदोलनकारियों पर गोलियां चली, आज वही लोग उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बता रहे है। यह देवभूमि की अस्मिता, स्वाभिमान और संघर्ष के साथ ही देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों और सैन्य परंपराओं का भी अपमान है।
सीएम धामी ने कहा, कि उत्तराखंड की स्वाभिमानी जनता इस अपमान को कभी स्वीकार नहीं करेगी। समाजवादी पार्टी की सहयोगी कांग्रेस को प्रदेश की जनता वर्ष 2027 में लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी।
कांग्रेस की सहयोगी समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखण्ड का अपमान करना कोई नई बात नहीं है। उत्तराखण्ड की जनता आज भी उस दौर को नहीं भूली है, जब उनके पिता मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में अलग राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर गोलियां चलाई गई थीं।
जिनके शासनकाल में उत्तराखण्ड के आंदोलनकारियों पर गोलियां चलीं, आज वही लोग उत्तराखण्ड के लोगों को घुसपैठिया बता रहे हैं। यह देवभूमि की अस्मिता, स्वाभिमान और संघर्ष के साथ ही देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों और सैन्य परंपराओं का भी अपमान है।
अखिलेश यादव को अपने इस अपमानजनक बयान के लिए समस्त उत्तराखण्डवासियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
उत्तराखण्ड की स्वाभिमानी जनता इस अपमान को कभी स्वीकार नहीं करेगी। समाजवादी पार्टी की सहयोगी कांग्रेस को प्रदेश की जनता वर्ष 2027 में लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) October 24, 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, कि क्या कांग्रेस अपने राजनीतिक सहयोगी अखिलेश यादव जी के इस बयान का समर्थन करती है? क्या उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना कांग्रेस को स्वीकार है? कांग्रेस को देवभूमि की जनता को जवाब देना चाहिए।
अखिलेश यादव के ‘घुसपैठिया’ बयान पर सीएम धामी की तीखी प्रतिक्रिया के बाद उत्तराखंड बीजेपी के नेताओं ने एक के बाद हमले शुरू किये हैं। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और वरिष्ठ विधायक विनोद चमोली ने कहा, उत्तराखंड के लोगों का अपमान किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया, कि अखिलेश यादव के बयान पर कांग्रेस नेतृत्व का चुप रहना कई सवाल खड़े करता है। प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने कहा, कि कांग्रेस को साफ करना चाहिए कि वह उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताने वाली सोच के साथ खड़ी है या इसके खिलाफ आवाज उठाएगी।
विनोद चमोली ने आरोप लगाया, कि आज भी स्थिति वैसी ही बनी है। राहुल गांधी ने जनरल बिपिन रावत और एनएसए डोभाल पर अभद्र टिप्पणियां की थीं। वहीं अखिलेश यादव उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कह रहे हैं। भाजपा ने पूछा, कि क्या राहुल गांधी को इस पर जवाब नहीं देना चाहिए।
बता दे, कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को घुसपैठिया से जुड़े एक सवाल पर कहा था, कि उत्तर प्रदेश में सबसे बड़े घुसपैठिया तो उत्तराखंड के हैं। अब सपा प्रमुख की इस टिप्पणी से उत्तराखंड से लेकर उत्तर प्रदेश तक का सियासी पारा चढ़ गया है।
