सिक्किम में भारी बारिश के बाद भूस्खलन, (फोटो साभार: ANI)
सिक्किम में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बड़ा भूस्खलन हुआ है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वेस्ट सिक्किम के ग्यालशिंग जिले में स्थित रिंबी गांव में प्राकृतिक आपदा के कारण भारी तबाही हुई है। लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी से खिसककर आ रहा मलबा धीरे-धीरे पूरे गांव को अपनी चपेट में ले रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रिंबी गांव में लगातार भूस्खलन के कारण लोगों के घर और आसपास का क्षेत्र प्रभावित हो रहा है। स्थिति ऐसी है कि ग्रामीण अपने घरों से केवल जरूरी दस्तावेज और आवश्यक कपड़े ही निकाल पा रहे हैं। घर का अन्य सामान सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को अपना सामान पीछे छोड़ना पड़ा है।
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने रिंबी गांव में हुई इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा, कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को हालात पर कड़ी नजर रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए है।
अधिकारियों के मुताबिक, कई स्थानों पर सड़कें अभी भी बंद हैं। सिचे में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट सहित सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने लोगों से लैंडस्लाइड की आशंका वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा नहीं करने और खासकर रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
#WATCH | Sikkim | A major landslide in the Rimbi area has left more than 30 houses affected. The incident was triggered by heavy mudslides and debris coming down from the upper slopes, sending large quantities of mud, rocks and other debris towards the lower areas
(Video source:… pic.twitter.com/5rhBlSoiTB
— ANI (@ANI) September 25, 2026
शुरुआती जानकारी से पता चला है कि बारिश और भूस्खलन की वजह से कम से कम 50 परिवार बेघर हो गए हैं। वहीं इलाके में स्थित कई सरकारी आवास और अन्य घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि भूस्खलन की इस घटना में किसे के मरने या घायल होने की फिलहाल कोई सूचना उपलब्ध नहीं है।
