सांकेतिक चित्र
स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रदेशभर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसी बीच सघन चेकिंग अभियान के दौरान प्रेमनगर पुलिस की देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में सहारनपुर का गैंगस्टर रईस घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार 12 अगस्त की देर रात प्रेमनगर पुलिस दरू चौक के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गोरखपुर चौक की तरफ से बिना नंबर की काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बाइक सवार तेजी से चाय बागान की ओर भागने लगे।
पुलिस द्वारा संदिग्धों का पीछा करने पर उन्होंने पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर बाइक छोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश का शातिर गैंगस्टर पुलिस मुठभेड़ में हुआ घायल,
घायल बदमाश गौकशी की घटना में विगत 02 वर्षों से चल रहा था वांछित,
पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान रोके जाने पर बदमाश पुलिस को चकमा देकर अपने साथी के साथ मौके से हो गया था फरार, pic.twitter.com/HaaAB1PzoA
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) August 13, 2026
मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान 26 वर्षीय रईस पुत्र नसीम, निवासी खाताखेड़ी, थाना मंडी, जिला सहारनपुर, हाल निवासी छुटमलपुर, सहारनपुर के रूप में हुई है। जबकि उसका साथी नवाब निवासी सहारनपुर फरार हो गया। मौके पर पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक चापड़, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी, नायलॉन की रस्सी और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
एसएसपी, देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने बताया, कि घायल बदमाश रईस साल 2024 में प्रेमनगर क्षेत्र में हुई गौकशी की घटना में पिछले करीब दो साल से वांछित चल रहा था। इस मामले में थाना प्रेमनगर में मुकदमा पंजीकृत है। पुलिस इस मामले में रईस के चार साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस की पूछताछ के दौरान रईस ने बताया, कि वह लंबे समय से गौकशी की घटनाओं में शामिल रहा है। उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में गोकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उसने गोकशी के लिए टी-स्टेट क्षेत्र में घूमने वाले आवारा गोवंश की रेकी करने की बात बताई।
वहीं रईस के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला करने के मामले में थाना प्रेमनगर में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि मुठभेड़ के बाद फरार बदमाश नवाब की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए आस-पास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
बता दें, कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर उत्तराखंड में सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। गृह विभाग ने सभी जिलों को संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस एवं खुफिया तंत्र को संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
