छेड़छाड़ करने वाले मनचलों को सिखाया सबक,(फोटो साभार: सोशल मीडिया)
जनपद नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र से छेड़छाड़ और अभद्रता करने का मामला सामने आया है। आरोप है, कि बाहरी क्षेत्र से काम की तलाश में आये मजदूरों ने गांव की महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़छाड़ कर दी। मनचलों की इस हरकत का विरोध करते हुए स्थानीय महिलाओं ने उन्हें पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई करते हुए बिच्छू घास भी लगाई।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत सतोली में शनिवार सुबह गांव की महिलाओं और युवतियों के साथ दो मजदूरों ने छेड़छाड़ और अश्लील टिप्पणियां करनी शुरू कर दी। पहले युवतियों ने उनकी हरकतों को नजरअंदाज किया, लेकिन जब उनकी अभद्रता बढ़ गई, तो उन्होंने साहस दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और गांव में इस तरह की घटना को देखकर उनका पारा चढ़ गया। वहीं छेड़छाड़ का विरोध करने पर दोनों मजदूरों ने ग्रामीणों के साथ मारपीट की कोशिश भी की, जिससे नाराज ग्रामीणों ने उनके मुंह में काली पोतने के साथ बिच्छू लगाकर जमकर पिटाई कर दी।
सोशल मीडिया पर तेज़ी से फैल रहे एक वीडियो के बारे में दावा किया जा रहा है कि यह नैनीताल के मुक्तेश्वर इलाके के सतौली गांव की घटना है, जहाँ कुछ लड़कियों को परेशान करने की कोशिश करने के आरोप में स्थानीय महिलाओं ने दो पुरुषों को रोका और उनकी पिटाई की।#viralvideo #उत्तराखंड pic.twitter.com/4MruxF2FEz
— Deepak Rana (@DeepakR21752645) August 1, 2026
भवाली कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया, कि पांच से दस मजदूर काम की तलाश में क्षेत्र में आए थे। उनमें से कुछ लोगों ने युवतियों के साथ छेड़छाड़ कर दी। मनचलों द्वारा मारपीट करने पर लोगों और युवतियों ने बिच्छू घास (कंडाली) लगाने के साथ उनके मुंह में काली पोत दी। उन्होंने बताया, कि दोनों को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलते ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
