सांकेतिक चित्र
रुड़की के दरियापुर गांव में चार बच्चों को रस्सी से बांधकर पीटने का शर्मनाक मामला सामने आया है। बताया जा रहा है, कि बच्चों की पिटाई कोल्ड ड्रिंक चोरी करने के शक में की गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। वहीं पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में नजर आ रहा है, कि कुछ लोग चार नाबालिग बच्चों को रस्सी से बांधकर मारपीट कर रहे हैं। इस दौरान किसी बच्चे के गालों पर ताबड़तोड़ थप्पड़ बरसाए जा रहे हैं, तो किसी को डंडों से पीटा जा रहा है। हैरानी की बात यह रही, कि मौके पर मौजूद लोग इस अमानवीय घटना को रोकने के बजाए उसका वीडियो बनाते रहे।
रुड़की का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दावा है कि कोल्ड ड्रिंक चोरी के शक में कुछ बच्चों को रस्सी से बांधा गया। मामले को लेकर जांच और कार्रवाई की मांग उठ रही है।@uttarakhandcops @pushkardhami #Roorkee #UttarakhandNews #ViralVideo #BreakingNews… pic.twitter.com/9jWDeAZ3LC
— भारत अपडेट | Bharat Update (@BharatUpdate_x) June 21, 2026
प्रकरण के संबंध में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया, वायरल वीडियो बीते दिनों का है और यह घटना पिरान कलियर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में घटित हुई है। पुलिस द्वारा वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच की गई और बच्चों के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है, कि बच्चों पर कोल्ड ड्रिंक चोरी करने का आरोप है, हालांकि कानून अपने हाथ में लेकर इस तरह की बर्बरता ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए है। वहीं वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी हरकत में आ गई है।
