स्टंटबाजी कर रहे युवकों को पुलिस ने सिखाया सबक, (फोटो साभार: X@haridwarpolice)
हरिद्वार : शादी की बारात में शामिल युवकों को वाहनों में सवार होकर खतरनाक स्टंटबाजी और हुड़दंग करना भारी पड़ गया। दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए ज्वालापुर कोतवाली ने कार्रवाई करते हुए 5 वाहनों को सीज किया है। साथ ही हुड़दंगी युवकों को कोतवाली बुलाया गया, जहां उन्होंने अपनी करतूत के लिए माफी मांगी।
जानकारी के अनुसार, ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के सराय गांव से शादी में शामिल होने जा रहे कुछ युवकों ने यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए कारों की खिड़कियों और सनरूफ से बाहर निकलकर हूटर बजाए और सड़क पर स्टंटबाजी की। युवकों की इस हरकत को लोगों ने मोबाइल में कैद कर लिया और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
वायरल वीडियो में नजर आ रहा है, कि युवक चलती कारों की खिड़कियों से बाहर निकलकर शोर शराबा करते हुए हूटर बजा रहे हैं, जिससे न केवल यातायात के नियमों का उल्लंघन हो रहा था, बल्कि अन्य राहगीर भी परेशान दिखाई दे रहे थे। साथ ही सड़क पर चल रहे लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।
🎺 शादी से हुड़दंग करते आये, Reel वायरल पुलिस ने बजाया बाजा
🚔⚡ सोशल मीडिया में वायरल वीडियो पर हरिद्वार पुलिस की सख्त कार्यवाही
🚗🚫 05 चारपहिया वाहन सीज
📱👀 वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस मीडिया सेल ने तत्काल ज्वालापुर पुलिस को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। pic.twitter.com/nTB5SDE24t
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) June 19, 2026
हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर द्वारा मामले का संज्ञान लिए जाने के बाद ज्वालापुर पुलिस ने वीडियो के आधार पर वाहनों के नंबर से संबंधित युवकों और वाहनों की पहचान की। इसके बाद सभी को उनके वाहनों समेत कोतवाली बुलाया गया और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पांचों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया, कि पुलिस के मीडिया सेल द्वारा वीडियो की जांच के बाद यह तथ्य सामने आया, कि यह वीडियो ज्वालापुर क्षेत्र का है और यह घटना बीती 18 जून को सराय रोड पर हुई है। उस दिन कुछ युवक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे और इसी दौरान उन्होंने सड़क पर स्टंटबाजी और हुड़दंग किया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया, कि मामला संज्ञान में आते ही वायरल वीडियो के आधार पर युवकों को चिन्हित किया गया। उनके पांच वाहनों को सीज किया गया है। साथ ही वाहन चालकों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भी आवश्यक पुलिस कार्रवाई अमल में लाई गई।
उन्होंने बताया, कि सड़क पर हुड़दंग मचा रहे युवकों और उनके अभिभावकों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी गई है, कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ और अधिक सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
