G7 शिखर सम्मेलन पीएम मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों (चित्र साभार : आज तक/न्यूज 18)
फ्रांस में आयोजित 52वें G7 शिखर सम्मेलन का समापन हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एवियन-लेस-बैंस शहर में 15 से 17 जून तक आयोजित इस G7 समिट में विशेष अतिथि के रूप में भाग लिया। ऐसे में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम मोदी की फ्रांस की सफल यात्रा पर आभार जताया है और हिंदी में वीडियो शेयर कर पीएम मोदी को विदाई दी है।
दरअसल, पीएम मोदी के दिल्ली रवाना होने के बाद फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने उनके सम्मान में हिंदी भाषा में एक वीडियो मैसेज शेयर किया। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और भारत-फ्रांस की मजबूत दोस्ती की चर्चा फिर से शुरू हो गई है।
वीडियो में मैक्रों ने हिंदी में कहा, “प्रिय मित्र नरेंद्र, मुझे बहुत खुशी है। आपके दौरे के लिए स्वागत करते हैं। फ्रांस-भारत की दोस्ती अमर रहे।” हिंदी में संदेश देने के बाद मैक्रों ने मुस्कुराते हुए अंग्रेजी में कहा, “उम्मीद है कि मैंने सही कहा होगा। आपकी यात्रा के लिए धन्यवाद। यह बेहद सफल यात्रा रही। फ्रांस आपसे प्यार करता है। हम फरवरी में आपसे फिर मिलने का इंतजार कर रहे हैं।”
Priye mitr @NarendraModi. pic.twitter.com/BXPVenkrXi
— Emmanuel Macron (@EmmanuelMacron) June 18, 2026
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के इस वीडियो संदेश के बाद पीएम मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उनका आभार जताया। उन्होंने इस यात्रा को बेहद सफल और ऐतिहासिक बताते हुए फ्रांस सरकार और वहां के लोगों का आभार जताया।
बता दें, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना 6 दिवसीय फ्रांस और स्लोवाकिया का महत्वपूर्ण दौरा पूरा करके शुक्रवार सुबह स्वदेश के लिए रवाना हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुँचे थे। इस दौरान उन्होंने वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की और कई देशों के नेताओं से मुलाकात की।
