सांकेतिक चित्र
हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव होटल के बाथरूम में नग्न अवस्था में बरामद हुआ। बताया जा रहा है, कि कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थी। सूचना पर होटल पहुंची पुलिस ने कमरे को सील कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी 30 वर्षीय लाल साहब पटेल के रूप में हुई है। होटल कर्मचारियों के मुताबिक, युवक ने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे होटल में चेक इन किया था। होटल संचालक के अनुसार, रात करीब साढ़े आठ बजे युवक के कमरे से अचानक जोर-जोर से चीखने और चिल्लाने की आवाजें आने लगी।
किसी अनहोनी की आशंका के चलते होटल कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर कर्मचारियों का शक गहरा गया। इसके बाद उन्होंने मास्टर चाबी से कमरे का दरवाजा खोला। होटल के कर्मचारी जब कमरे में दाखिल हुए, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए।
युवक बाथरूम के फर्श पर नग्न अवस्था में मृत पड़ा था। कमरे और बाथरूम में चारों तरफ उल्टी फैली हुई थी। जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना के संबंध में सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने कमरे को सील कर दिया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले।
घटना के संबंध में सीओ सिटी हल्द्वानी अमित कुमार ने बताया, कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके हल्द्वानी पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है, कि युवक हल्द्वानी किस कार्य से आया था।
