(सांकेतिक चित्र)
विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के पुल नंबर एक के पास एक महिला ने दो बच्चों के साथ शक्ति नहर में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है, कि नहर में महिला को बच्चों के साथ कूदता देख आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन महिला नहर की लहरों में बहकर लापता हो गई। जिसके बाद लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, शानिवार शाम को करीब साढ़े चार बजे एक महिला अपनी दो बेटियों के साथ शक्ति नहर निकट पुल नंबर एक के पास नहर मे कूद गई। नहर में बहता देखकर आसपास के स्थानीय लोगों ने नहर मे से दोनों बच्चियों को सकुशल बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों को अस्पताल पंहुचाया गया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों बच्चियों में आरवी उम्र करीब 3 साल और एक 6-7 माह की नवजात है। महिला अभी तक लापता है। जिसकी खोज के लिए पुलिस और एसडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। 28 वर्षीय महिला मंडी चौक विकासनगर की मूल निवासी है। बताया जा रहा है, कि वर्ष 2020 में महिला की लव मैरिज हुई थी।
महिला का पति हैदराबाद में नौकरी करता है। अभी हाल ही में महिला का पति छुट्टी पर घर आया था। इस घटना के दौरान उसका पति घर पर मौजूद नहीं था। फिलहाल पुलिस महिला के नहर में कूदने के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इसके साथ ही घटना के दूसरे पहलुओं की जांच भी की जा रही है।
