सांकेतिक चित्र
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने नीट-यूजी एग्जाम की नई तारीख का ऐलान कर दिया है। अब यह परीक्षा देशभर में 21 जून को आयोजित की जाएगी। एजेंसी ने कहा है, कि नई तारीखों के अनुसार परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी गई है। इसके लिए छात्र-छात्राओं को दोबारा फीस देने की जरूरत नहीं होगी। बता दें, कि इससे पहले यह परीक्षा 3 मई को हुई थी।
एनटीए ने एक्स पोस्ट में बताया, “राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने भारत सरकार की मंजूरी से NEET-UG 2026 की पुनः परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है। एजेंसी ने परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से अनुरोध किया है, कि वे केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों पर ही विश्वास करें।”
📢 NEET (UG) 2026 — परीक्षा तिथि की घोषणा
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने भारत सरकार की स्वीकृति से NEET (UG) 2026 की पुनः-परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है।
परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से अनुरोध है कि वे केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों पर ही विश्वास करें।…— National Testing Agency (@NTA_Exams) May 15, 2026
इससे पहले, गुरुवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी नीट-यूजी परीक्षा को दोबारा आयोजित कराने के मुद्दे पर उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की थी। इस अहम बैठक में शिक्षा मंत्रालय और परीक्षा कराने वाली एजेंसी के कई बड़े अधिकारी शामिल हुए थे। बैठक के बाद एनटीए महानिदेशक अभिषेक सिंह ने भरोसा दिलाया, कि बच्चों की मेहनत से इस बार कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा।
गौरतलब है, कि NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, जिसमें 22 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। हालांकि, पेपर लीक की आशंका के चलते यह सवालों के घेरे में आ गई थी। अब इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी गई है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने गुरुवार को पेपर लीक केस में 5 लोगों को हिरासत में लिया है। साथ ही दो और संदिग्धों को पकड़ा है।
